![]()
शारदीय नवरात्रि के पहले दिन रविवार को मैनपुरी के प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह 7 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के कपाट खुले तो माता रानी के दर्शन के लिए भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। सुबह 10 बजे तक 5 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। हाथों में पूजा की थाली, फूल-माला और प्रसाद लेकर पहुंचे भक्तों ने मां शैलपुत्री की पूजा की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंजता रहा। नवरात्रि के पहले दिन मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया। माता रानी का करीब छह प्रकार के फूलों से आकर्षक श्रृंगार किया गया। फूलों की सुगंध और भक्ति के माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने नारियल, चुनरी और प्रसाद चढ़ाकर मां का आशीर्वाद लिया। सुबह से शुरू हुआ दर्शन-पूजन का सिलसिला लगातार जारी रहा। कतार में दर्शन, गर्भगृह में सिर्फ पुजारियों को प्रवेश श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इस बार दर्शन व्यवस्था में बदलाव किया गया है। भक्तों को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराए जा रहे हैं। श्रद्धालु बाहर से ही माता रानी के दर्शन कर रहे हैं, जबकि गर्भगृह में केवल पुजारियों को प्रवेश की अनुमति है। दर्शन के बाद भक्तों को आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि पीछे खड़े लोगों को भी मौका मिल सके। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए पुजारियों की संख्या भी बढ़ाई गई है। दर्शन करने पहुंचीं आराधना गुप्ता ने बताया कि माता रानी के दर्शन कर उन्हें अच्छा लगा। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। आराधना ने कहा कि वह हर नवरात्रि में व्रत रखती हैं। उनके परिवार की शीतला माता के प्रति गहरी आस्था है और नवरात्रि मां का आशीर्वाद लेने का विशेष अवसर है। श्रद्धालु देव दीक्षित ने कहा कि इस बार मंदिर में सुरक्षा और दर्शन की व्यवस्था अच्छी है। पहले की अपेक्षा अब आसानी से दर्शन हो रहे हैं। भक्तों को बारी-बारी से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे धक्का-मुक्की की स्थिति नहीं बन रही। पुलिस और प्रशासन की व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को सुविधा मिल रही है। 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात, नुमाइश पंडाल में पार्किंग मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने वाहनों की पार्किंग नुमाइश पंडाल में कराई है। मंदिर की ओर आने वाले दोनों प्रमुख मार्गों पर करीब 500 मीटर पहले बैरिकेडिंग कर अनावश्यक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। मंदिर के बाहर 50 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें दो दर्जन से अधिक महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। करीब 12 उपनिरीक्षक भी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। महिला थाना प्रभारी को महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। यातायात पुलिस और स्थानीय थाने का बल भी प्रमुख मार्गों पर तैनात है। भीड़ नियंत्रित करने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है और बड़े व बाहरी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया है। CCTV और खुफिया निगरानी, पेयजल की भी व्यवस्था मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। लोकल इंटेलिजेंस यूनिट भी सक्रिय है। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं से संवाद कर रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। मंदिर के बाहर प्रसाद और फूल-माला की दुकानें व्यवस्थित तरीके से लगाई गई हैं। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और हवा की व्यवस्था भी की गई है। शीतला माता मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। मान्यता है कि सच्चे मन से मां के दरबार में मांगी गई मुराद पूरी होती है। मनोकामना पूरी होने पर भक्त परिवार और परिजनों के साथ मंदिर पहुंचकर नेजा चढ़ाते हैं। नवरात्रि के पहले दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी विश्वास के साथ माता रानी के दरबार पहुंचे और सुख, शांति व समृद्धि की प्रार्थना की।
Source link
मैनपुरी में शीतला माता मंदिर में उमड़े भक्त:6 तरह के फूलों से हुआ श्रृंगार, सुरक्षा में 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात