![]()
सोनभद्र के शक्तिनगर स्थित एनटीपीसी के आवासीय परिसर में संचालित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के सहायक आचार्य को फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि संस्थान के एक पूर्व छात्र ने सहायक आचार्य को फोन कर न केवल अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि उनके पूरे परिवार को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर शक्तिनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के सहायक आचार्य डॉ. प्रभाकर लाल एनटीपीसी शक्तिनगर के आवासीय परिसर में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बीते छह अक्तूबर को दोपहर में उनके मोबाइल फोन पर विशाल कुमार तिवारी का फोन आया था। आरोप है कि फोन पर बातचीत के दौरान विशाल ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपित ने कथित तौर पर सहायक आचार्य के पूरे परिवार को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। इस घटना के बाद सहायक आचार्य ने पुलिस से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। डॉ. प्रभाकर लाल ने अपनी तहरीर में यह भी उल्लेख किया है कि धमकी देने वाला युवक संस्थान का पूर्व छात्र रह चुका है। ऐसे में फोन पर धमकी दिए जाने की घटना को लेकर उन्होंने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। मामले में शक्तिनगर थाने के उपनिरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि सहायक आचार्य डॉ. प्रभाकर लाल की तहरीर के आधार पर आरोपी विशाल कुमार तिवारी पुत्र दीनानाथ तिवारी, निवासी रेणुसागर, थाना अनपरा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
काशीविद्यापीठ के सहायक आचार्य को जान से मारने की धमकी:पूर्व छात्र पर गाली-गलौज और परिवार को नुकसान पहुंचाने का आरोप, केस दर्ज