अयोध्या में 2700 जगह स्थापित होंगी मां दुर्गा की प्रतिमाएं:20 को निकलेगी शोभायात्रा,19 अक्टूबर की रात जीआईसी मैदान में जुटेंगी प्रतिमाएं


अयोध्या रामनगरी में शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पूरे जनपद में करीब 2700 स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। 20 अक्टूबर को शहर में मां दुर्गा की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इससे पहले 19 अक्टूबर की रात सभी प्रतिमाओं को जीआईसी मैदान में एकत्र किया जाएगा। इसके बाद गुप्तार घाट स्थित निर्मली कुंड में प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने प्रेस वार्ता कर आयोजन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर क्षेत्र में नवरात्र के पहले दिन 31 प्रतिमाओं की स्थापना होगी। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 2000 प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। शेष प्रतिमाओं की स्थापना 16 अक्टूबर को होगी। शहर में 9 अक्टूबर से रामलीला का मंचन भी शुरू हो चुका है। हर पंडाल में दो पुलिसकर्मी तैनात करने की मांग समिति अध्यक्ष ने दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 की तर्ज पर इस बार भी सभी दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। प्रत्येक पंडाल में दो पुलिसकर्मियों के साथ प्रशासनिक कर्मचारियों की तैनाती होनी चाहिए। इससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भीड़ को व्यवस्थित रखने में मदद मिलेगी। शोभायात्रा के दिन दुकानें बंद रखने का अनुरोध मनोज जायसवाल ने जिला प्रशासन से शोभायात्रा के दिन मांस और मदिरा की दुकानों को बंद रखने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा और विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में प्रशासन को सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देना चाहिए। समिति ने आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन से सहयोग की अपील की।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *