![]()
लखनऊ के डॉ.राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के यूरोलॉजी विभाग ने रोबोटिक सर्जरी के क्षेत्र में अहम उपलब्धि हासिल की है। विभागाध्यक्ष डॉ. ईश्वर राम दयाल ने अब तक 200 रोबोटिक सर्जरी पूरी की हैं। इनमें 80 फीसदी ऑपरेशन कैंसर मरीजों के किए गए। जबकि 20 फीसदी सर्जरी यूरोलॉजी से जुड़ी अन्य बीमारियों के इलाज के लिए हुईं। तेजी से होती है रिकवरी डॉ.ईश्वर राम दयाल के मुताबिक उत्तर प्रदेश के किसी दूसरे मेडिकल संस्थान में यूरोलॉजी से जुड़ी इतनी बड़ी संख्या में रोबोटिक सर्जरी नहीं हो रही हैं। रोबोटिक तकनीक से जटिल ऑपरेशन अधिक सटीकता के साथ करने में मदद मिलती है। इससे चुनिंदा मरीजों में छोटे चीरे, कम रक्तस्राव और तेजी से रिकवरी जैसे फायदे मिल सकते हैं। उन्होंने बताया कि रोबोटिक सर्जरी में सर्जन विशेष कंसोल के जरिए रोबोटिक उपकरणों को नियंत्रित करते हैं। इससे शरीर के भीतर छोटे और सटीक मूवमेंट करना आसान होता है। कैंसर सर्जरी में ट्यूमर निकालने के साथ आसपास के महत्वपूर्ण अंगों और ऊतकों को बचाने में भी मदद मिल सकती है। डॉ. राम दयाल के अनुसार रोबोटिक तकनीक का इस्तेमाल मरीज की बीमारी, कैंसर की अवस्था और स्वास्थ्य स्थिति के आधार पर किया जाता है। हर मरीज के लिए यह सर्जरी जरूरी या उपयुक्त नहीं होती। उपलब्धि से संस्थान में आधुनिक यूरोलॉजी उपचार की बढ़ती क्षमता का पता चलता है।
Source link
लोहिया संस्थान में 200 रोबोटिक सर्जरी पूरी:80% ऑपरेशन कैंसर मरीजों के, छोटे चीरे से सर्जरी और रिकवरी में मदद