![]()
मिर्जापुर के प्रयागराज मंडल रेलवे में कार्यरत संविदा कर्मियों और उनके परिजनों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए रेलवे की ओर से विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र संविदा कर्मियों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाना है। शिविरों में सुपरवाइजर और ठेका मजदूर समेत सभी पात्र संविदा कर्मियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता के निर्देशन में होने वाले इन शिविरों के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को कर्मचारियों को निर्धारित तिथि और स्थान पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष शिविरों की शुरुआत 12 अक्टूबर को दीन दयाल उपाध्याय रनिंग रूम से होगी। इसके बाद मिर्जापुर स्टेशन पर 13 अक्टूबर को शिविर लगाया जाएगा। 14 अक्टूबर को प्रयागराज मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक कार्यालय में शिविर आयोजित होगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को मुख्य चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय प्रयागराज, 28 अक्टूबर को आरएसओ लॉबी कानपुर, 29 अक्टूबर को विद्युत लोको शेड कानपुर और 30 अक्टूबर को आरएसओ लॉबी जीएमसी कानपुर में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए शिविर लगाया जाएगा। नवंबर में टूंडला, अलीगढ़ और दादरी में लगेंगे कैंप नवंबर में भी अभियान जारी रहेगा। तीन नवंबर को एनसीआर कॉलेज टूंडला, चार नवंबर को एडीईएन कार्यालय अलीगढ़ और पांच नवंबर को स्टेशन अधीक्षक कार्यालय दादरी में शिविर आयोजित किया जाएगा। रेलवे ने संबंधित विभागों को इन शिविरों का पर्याप्त प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र संविदा कर्मी इसका लाभ उठा सकें। आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए संविदा कर्मियों को आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, राशन कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा। कार्ड बनने के बाद पात्र लाभार्थी योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों में निर्धारित उपचार और अस्पताल में भर्ती संबंधी सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे। शिविर के बाद भी विभाग कराएंगे कार्ड बनवाने की प्रक्रिया रेल प्रशासन ने अधिक से अधिक पात्र कर्मियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ शिविरों के सुचारु संचालन और समन्वय के लिए संबंधित स्टाफ को भी नामित किया है। इससे संविदा कर्मियों को कार्ड बनवाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। रेलवे के निर्देश के अनुसार, शिविर समाप्त होने के बाद भी संबंधित विभाग अपने अधीन कार्यरत पात्र संविदा कर्मियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए जिम्मेदार होंगे। इसके लिए विभागों को पात्र कर्मियों की सहभागिता सुनिश्चित करने और कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
Source link
रेलवे संविदा कर्मियों के आयुष्मान कार्ड के लिए विशेष कैंप:मिर्जापुर स्टेशन पर 13 अक्टूबर को, प्रयागराज मंडल में कई जगह आयोजन