![]()
सऊदी अरब के दो एयरपोर्ट्स पर हूती विद्रोहियों ने ड्रोन और मिसाइल हमले किए। इसमें 3 लोगों की मौत हो गई है। साथ ही 36 लोग घायल भी हुए हैं। सऊदी अरब की जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (GACA) ने बुधवार को यह जानकारी दी। अबहा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को 6 और 7 अक्टूबर को निशाना बनाया गया। हूती विद्रोहियों ने दोनों हमलों की जिम्मेदारी ली है। अबहा एयरपोर्ट पर हमले में एक मोरक्को के नागरिक और एक अल्जीरियाई निवासी की मौत हुई। 28 लोग घायल हुए, जिनमें सऊदी, बांग्लादेशी और फिलीपींस के नागरिक शामिल हैं। किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक सूडानी नागरिक की मौत हुई। यहां 8 लोग घायल हुए, जिनमें 5 सऊदी नागरिक, 2 मिस्र के निवासी और एक पाकिस्तानी निवासी शामिल हैं। वहीं, सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने कहा कि उसने यमन में हूतियों के 80 से ज्यादा सैन्य ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है GACA ने कहा कि वह संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर नुकसान का आकलन कर रहा है। अधिकारी सुविधाओं की सुरक्षा की जांच कर रहे हैं और यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठा रहे हैं। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने कहा कि समूह ने किंग खालिद एयरपोर्ट पर ड्रोन से हमला किया। अबहा एयरपोर्ट को बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया गया। ये हमले यमन में बढ़ते संघर्ष के बीच हुए हैं। वहां सऊदी समर्थित सरकारी बलों ने बाब अल-मंदेब स्ट्रेट और पश्चिमी तट के आसपास हूतियों के खिलाफ अभियान शुरू किया है। सऊदी बलों ने यह भी कहा कि उन्होंने रियाद के उत्तर में एक बैलिस्टिक मिसाइल को रोका। उन्होंने सना में एक लॉन्च प्लेटफॉर्म को भी नष्ट किया।
Source link
सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हूतियों का ड्रोन-मिसाइल हमला:3 की मौत, 36 घायल; सऊदी ने यमन में 80 ठिकानों को निशाना बनाया