![]()
मथुरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से सेवा पखवाड़े के तहत बुधवार को सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव के नेतृत्व में निकली यात्रा में पांचों विधानसभाओं से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। यात्रा भगत सिंह पार्क से शुरू हुई। विकास बाजार होते हुए यात्रा वापस भगत सिंह पार्क पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। यात्रा शुरू होने से पहले कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी सुना। समापन अवसर पर मां भारती को तिरंगे के रूप में रंगोली से सजाया गया। प्रदेश महामंत्री एवं ब्रज क्षेत्र प्रभारी गीता शाक्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होना महत्वपूर्ण अवसर है। सेवा पखवाड़े के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता सेवा और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। महानगर प्रभारी पवन शर्मा ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री के सेवा और जनकल्याण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। मथुरा-वृंदावन विधायक श्रीकांत शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित को समर्पित रहा है। उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेकर कार्यकर्ताओं को जनसेवा के कार्य निरंतर आगे बढ़ाने चाहिए। महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि यात्रा में पांचों विधानसभाओं के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उन्होंने सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। यात्रा में महानगर प्रभारी पवन शर्मा, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक मेघश्याम सिंह, विधायक पूरन प्रकाश, एमएलसी ठा. ओम प्रकाश सिंह, पूर्व विधायक कारिंदा सिंह, जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे, पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग, पूर्व महानगर अध्यक्ष चेतन स्वरूप पाराशर, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
मथुरा में भाजपा की सेवा ज्योति यात्रा निकली:पीएम मोदी के 25 साल पूरे होने पर भगत सिंह पार्क से शुरू होकर विकास बाजार पहुंची