![]()
प्रयागराज उत्तर मध्य रेलवे ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रेलवे ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत इस वित्तीय वर्ष में अब तक 1 करोड़ 11 लाख 11 हजार 111 पौधे लगाने का आंकड़ा पार कर लिया है। इस उपलब्धि के मौके पर उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने सुबेदारगंज स्थित रेल गांव में प्रतीकात्मक रूप से 1,11,11,111वां पौधा लगाया। कार्यक्रम में मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पौधे लगाए। अधिकारियों ने लीची, तुलसी और आम सहित अलग-अलग प्रजातियों के पौधे रोपे। रेलवे के मुताबिक, इस अभियान को विश्व पर्यावरण दिवस यानी 5 जून से तेजी दी गई थी। इस वित्तीय वर्ष में उत्तर मध्य रेलवे के अधिकार क्षेत्र में कुल दो करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों को पौधरोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी करने के निर्देश दिए गए थे। अब तक प्रयागराज मंडल 43.44 लाख पौधों के साथ सबसे आगे है। इसके बाद झांसी मंडल ने 42.09 लाख और आगरा मंडल ने 25.58 लाख पौधे लगाए हैं। रेलवे के अनुसार, इस अभियान के तहत अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर, झांसी, बांदा, मिर्जापुर और ग्वालियर समेत कई शहरों के 300 से अधिक रेलवे स्टेशनों और कॉलोनियों में पौधरोपण किया गया। एक दिन में ही 13 लाख से अधिक पौधे लगाए गए। पौधरोपण के लिए रेलवे ने अपनी खाली पड़ी जमीनों को चिह्नित किया। इसके साथ ही रेलवे ट्रैक के किनारे जमा कबाड़ को हटाकर जमीन को हरियाली के लिए तैयार किया गया। कब्जे वाली जमीनों को भी वापस हासिल कर पौधरोपण में इस्तेमाल किया गया। अभियान में स्थानीय एनजीओ और राज्य वन विभाग का भी सहयोग लिया गया। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाए जा रहे पौधे भविष्य में रेलवे परिसरों को हरा-भरा बनाने के साथ यात्रियों और कर्मचारियों को स्वच्छ हवा और छाया उपलब्ध कराएंगे।
Source link
उत्तर मध्य रेलवे ने लगाए 1.11 करोड़ से ज्यादा पौधे:'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत, प्रयागराज मंडल सबसे आगे; 2 करोड़ का लक्ष्य