3 साल के मासूम पर आवारा कुत्तों का हमला:रामपुर में पेट पर काटकर किया घायल, जिला अस्पताल में इलाज


रामपुर में थाना गंज क्षेत्र के सैजनी नानकार गांव में बुधवार सुबह घर के बाहर खेल रहे तीन साल के मासूम बच्चे पर आवारा कुत्तों के झुंड ने जानलेवा हमला कर दिया। कुत्तों के हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज कराया गया। जानकारी के अनुसार मिलक क्षेत्र के आरिफ गांव निवासी इमरान अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में थाना गंज क्षेत्र के सैजनी नानकार गांव आए थे। बुधवार सुबह करीब छह बजे उनका तीन साल का बच्चा घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे आवारा कुत्तों के झुंड ने बच्चे को घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे के पेट पर काट लिया, जिससे वह घायल हो गया। बच्चे के चीखने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाकर बच्चे को बचाया। बच्चे के पिता इमरान ने बताया कि गांव और आसपास के इलाकों में आवारा कुत्तों का डर बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से आवारा कुत्तों को जल्द पकड़वाने की मांग की है, ताकि किसी अन्य बच्चे पर इस तरह का हमला न हो। उनका कहना है कि बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी डर लगता है। उधर, जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टर के अनुसार कुत्ता काटने के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अकेले रामपुर जिला अस्पताल में रोजाना करीब 100 लोग कुत्ता काटने के इंजेक्शन लगवाने पहुंच रहे हैं। कई बार यह संख्या 100 से भी अधिक हो जाती है। नगर पालिका ईई दुर्गेश्वर त्रिपाठी ने बताया नगर क्षेत्र में आवारा कुत्तों को पकड़ने का अभियान भी चलाया जा रहा है। नगर पालिका के अनुसार हर महीने में लगभग 100 आवारा कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर रखा जाता है। वहां उनके खाने-पीने और रहने की व्यवस्था की जाती है। इसके बावजूद आवारा कुत्तों की संख्या को लेकर लोगों में डर बना हुआ है। खासकर छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *