इटावा में सीढ़ियों से फिसलकर तलघर में डूबा मासूम:खेलते-खेलते 3 फीट गहरे पानी में डूबने से मौत, माता-पिता अस्पताल ले गए


इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर लखना की इंदिरा कॉलोनी से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ घर के अंदर खेलते समय महज 14 महीने की मासूम बच्ची अदिति सीढ़ियों से नीचे गिरकर तलघर में भरे पानी में डूब गई, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से सहसों थाना क्षेत्र के ग्राम मिटाटी निवासी रिटायर्ड सैनिक बिनोद कुमार मिश्रा के बेटे पवन मिश्रा अपने परिवार के साथ लखना स्थित इंदिरा कॉलोनी में रहते हैं। पवन की दो बेटियाँ – साढ़े तीन वर्ष की काव्या और 14 महीने की अदिति थीं। घटना के समय अदिति अपनी बड़ी बहन काव्या के साथ घर के अंदर खेल रही थी। खेलते-खेलते अदिति अचानक सीढ़ियों से फिसलकर नीचे बने तलघर में जा गिरी, जहां करीब तीन फीट पानी भरा हुआ था। जब काफी देर तक बच्ची नजर नहीं आई, तो माता-पिता पवन और दीक्षा मिश्रा ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बच्ची मकान के गेट पर बने तलघर के पानी में अचेत अवस्था में तैरती हुई मिली। परिजन आनन-फानन में बच्ची को लेकर बकेवर अस्पताल पहुंचे, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में इकदिल के पास मिली एम्बुलेंस में ऑक्सीजन लगाकर बच्ची को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों को जब इस बात पर यकीन नहीं हुआ, तो वे अपनी बच्ची को मिनी पीजीआई सैफई ले गए, लेकिन वहाँ भी डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शव को लखना वापस लाया गया, जहाँ गमगीन माहौल में बच्ची का अंतिम संस्कार किया गया। दादा बिनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि मासूम के मुंह और नाक पर चोट के निशान भी आए थे। इस दर्दनाक हादसे से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *