मिर्जापुर में ब्रेक फेल ट्रक ने कार को मारी टक्कर:महिला की मौत, कार को घसीटते हुए खाई में गिरा ट्रक; 3 घायल, ड्राइवर फरार


मिर्जापुर की ड्रमंडगंज घाटी में सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वाराणसी-रीवा नेशनल हाईवे-135 पर ब्रेक फेल होने के बाद एक ट्रक ने आगे चल रही कार में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार प्रयागराज निवासी 50 वर्षीय उषा देवी की मौत हो गई। कार में सवार उनके तीन बेटे/परिजन घायल हो गए। उषा देवी अपने पिता के श्राद्ध में शामिल होने मध्य प्रदेश के मऊगंज गई थीं। सोमवार रात वह 24 वर्षीय अंबुज मिश्र, 25 वर्षीय अंकित मिश्र और 19 वर्षीय आयुष के साथ कार से घर लौट रही थीं। ड्रमंडगंज घाटी में पीछे से आ रहे ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक कार को घसीटते हुए सड़क किनारे खाई में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर ड्रमंडगंज थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हलिया पीएचसी में डॉक्टर अवधेश कुमार ने उषा देवी को मृत घोषित कर दिया। अंबुज, अंकित और आयुष का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की हालत अब ठीक बताई जा रही है। पुलिस हादसे के बाद फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *