पुलिस चौकी के सामने लाखों के जेवर-नकदी चोरी:कानपुर देहात के सिकंदरा में दो घरों से लाखों के जेवर-नकदी पार, बंद मकान भी निशाना


कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र में चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए रविवार और सोमवार की मध्य रात्री दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाया। रसधान चौकी के सामने स्थित मकान में चोर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पार कर ले गए, जबकि सिकंदरा कस्बे के विकास नगर में बंद मकान से भी जेवर और नकदी चोरी कर ली गई। लगातार हुई दो चोरियों से इलाके में दहशत का माहौल है। पहली घटना रसधान चौकी के सामने स्थित एक मकान की है। बताया जा रहा है कि परिवार किसी काम से घर से बाहर गया था। बीती रात करीब 2 बजे परिवार के लोग वापस लौटे, लेकिन उस समय उन्हें घर में हुई चोरी की भनक तक नहीं लगी। सुबह जब परिजन घर की ऊपरी मंजिल पर पूजा करने पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों ने घर के कमरों और सामान की जांच की तो लाखों रुपये के जेवरात गायब मिले। इसके अलावा पत्नी की रुपयों वाली गुल्लक और करीब एक लाख रुपये की अलग से रखी नकदी भी चोर ले गए। इतना ही नहीं, चोर घर से बर्तन और कपड़े भी समेट ले गए। चोरी की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार ने रसधान चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं दूसरी घटना सिकंदरा कस्बे के विकास नगर की है। यहां चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया। परिवार के लोग घर पर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान में दाखिल हुए और जेवरात व नकदी चोरी कर फरार हो गए। घर लौटने पर परिजनों को चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर सिकंदरा थाना पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। थाना प्रभारी के मुताबिक दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *