![]()
अमरोहा में उद्यमियों को साझा मंच देने के उद्देश्य से शनिवार को गजरौला में ‘IIA अमरोहा-इंडस्ट्री कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) के नए अमरोहा चैप्टर का गठन किया गया। ‘नोरेक्स फ्लेवर्स प्राइवेट लिमिटेड’ के प्रबंध निदेशक वैभव अग्रवाल को सर्वसम्मति से चैप्टर का चेयरमैन चुना गया। कार्यक्रम में IIA के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल, उपाध्यक्ष राजीव बंसल और डिविजनल चेयरमैन गोपाल मेहता समेत मुरादाबाद, बिजनौर, संभल और रामपुर के पदाधिकारी मौजूद रहे। अमरोहा से सम्राट अग्रवाल, अभिषेक जैन, दिव्यांशु अग्रवाल, नीलांशु अग्रवाल, अंकित गुप्ता, अमोल अग्रवाल सहित कई उद्यमियों ने हिस्सा लिया।
चेयरमैन वैभव अग्रवाल ने बताया कि अमरोहा में औद्योगिक गतिविधियां होने के बावजूद IIA का चैप्टर नहीं था। MSME उद्यमियों को बिजली, प्रदूषण, GST, श्रम अनुपालन, फायर NOC और बैंकिंग समेत कई विषयों से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इनके समाधान के लिए एक संगठित मंच की जरूरत महसूस की जा रही थी।
कार्यक्रम में आयोजित ‘ओपन हाउस’ सत्र में उद्यमियों ने विभिन्न मुद्दों से जुड़े सवाल पूछे, जिनके जवाब दिए गए। इस दौरान ज्ञान साझा करने, नेटवर्किंग, नए व्यापारिक अवसरों और सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया। अधिक से अधिक उद्यमियों को IIA से जोड़ने और चैप्टर गठन की प्रक्रिया को पूरा करने पर सहमति बनी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
Source link
वैभव अग्रवाल अमरोहा IIA चैप्टर के चेयरमैन चुने गए:‘इंडस्ट्री कनेक्ट’ कार्यक्रम में उद्यमियों ने रखीं समस्याएं, बोले- जल्द समाधान होगा