खाना बनाते समय सिलेंडर में लगी आग:सुल्तानपुर में महिला और 3 बच्चियां झुलसीं, मेडिकल कॉलेज में भर्ती


सुल्तानपुर के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के मिश्राने (उमरी) गांव में शुक्रवार रात करीब 8 बजे खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग तेजी से फैलने से एक महिला और तीन मासूम बच्चियां गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कूरेभार पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। झुलसने वालों में 35 वर्षीय सुंदरी, 9 वर्षीय दिव्यांशी, 4 वर्षीय राखी और 3 वर्षीय एंजेल शामिल हैं। चंद्र प्रकाश मिश्रा ने बताया कि शाम करीब 7 बजे वह बाजार से सब्जी लेकर घर पहुंचे थे। बच्चे उनके पास आए। उस समय कुकर में आलू उबाले जा रहे थे और पास में गैस सिलेंडर रखा था। दरवाजे पर दीपक जल रहा था। इसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ और आग फैल गई। हादसे में चंद्र प्रकाश भी आंशिक रूप से झुलस गए। हादसे के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल सभी का राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *