इस्लामाबाद18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अमृतसर में भारत-पाकिस्तान के वाघा बोर्डर पर तैनात BSF के जवान। (फाइल फोटो)
पाकिस्तान ने शनिवार को भारतीय राजनयिक को तलब किया है। उसने पंजाब के तरनतारन में भारत-पाक सीमा पर दो लोगों की मौत पर विरोध जताया।
पाकिस्तान का दावा है कि दोनों लोग पाकिस्तानी नागरिक थे और BSF की गोलीबारी में मारे गए। यह घटना शुक्रवार को हुई थी।
वहीं भारतीय अधिकारियों के मुताबिक ये लोग भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे थे। चेतावनी देने के बाद BSF ने गोली चलाई।
तीन लोग सीमा पार करने की कोशिश कर रहे थे
भारतीय अधिकारियों के मुताबिक, तीन संदिग्ध लोग पाकिस्तान की तरफ से भारतीय सीमा की ओर बढ़ रहे थे। BSF जवानों ने उन्हें रुकने की चेतावनी दी।
इनमें से एक वापस पाकिस्तान की तरफ चला गया, जबकि दो लोग आगे बढ़ते रहे। इसके बाद BSF ने फायरिंग की, जिसमें दोनों की मौत हो गई।
पाकिस्तान ने जांच की है
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि मारे गए दोनों लोग निहत्थे नागरिक थे। पाकिस्तान के मुताबिक, वे सीमा के पास गए थे और अनजाने में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर गए।
पाकिस्तान ने भारतीय राजनयिक को तलब कर BSF की कार्रवाई पर विरोध दर्ज कराया। उसने कहा कि नागरिकों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई सही नहीं है।
पाकिस्तान ने मामले की तुरंत, पारदर्शी और विश्वसनीय जांच की मांग की है। साथ ही उसने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई करने और जांच के नतीजे पाकिस्तान सरकार को बताने को कहा है।
