सोने के नाम पर पीतल बेच 5.66 लाख की ठगी:भोगनीपुर में पीतल को सोना बताकर बरेली के युवक से ठगी, 5.66 लाख रुपये समेत दो आरोपी गिरफ्तार


कानपुर देहात के भोगनीपुर में ठगी का ऐसा मामला सामने आया है, जहां पीतल को सोना बताकर एक व्यक्ति से लाखों रुपये ऐंठ लिए गए। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार रात करीब 8 बजे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 लाख 66 हजार 500 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की गई है। मामला बरेली जिले के सिरौली कस्बे के रहने वाले सैय्यद वारिस अली से जुड़ा है। वारिस अली ने 29 सितंबर को भोगनीपुर थाने में तहरीर देकर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने उन्हें भरोसे में लिया और भोगनीपुर ओवरब्रिज से पहले बनी मजार के पास पीतल को सोना बताकर बेच दिया। इसके बदले उनसे बड़ी रकम ले ली गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से दोनों आरोपियों के बारे में सूचना मिली। सूचना के आधार पर भोगनीपुर पुलिस ने अकोढ़ी जाने वाले रास्ते पर करीब दो किलोमीटर आगे घेराबंदी की और दो संदिग्धों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद इशाक पुत्र स्वर्गीय कल्लू खां, निवासी शाहबापुर, थाना सिकंदरा, कानपुर देहात और कल्लू पुत्र अल्लारक्खू, निवासी परासन, थाना आटा, जनपद जालौन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने वारिस अली को पीतल को सोना बताकर बेचने और उससे मिले रुपयों को आपस में बांटने की बात बताई। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद दोनों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए थे और मौके से फरार हो गए थे। अब पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 लाख 66 हजार 500 रुपये, दो मोबाइल और सफेद रंग की टीवीएस स्पोर्ट बाइक बरामद की है। दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस मामले में बरामदगी और आरोपियों के बयानों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *