गुवाहाटी के नाइटक्लब में महिला के कपड़े उतारे, मारपीट की:बाउंसरों पर आरोप, पार्किंग में ले जाकर पीटा; मैनेजर हिरासत में


गुवाहाटी के खानापारा इलाके में गुरुवार देर रात एक नाइट क्लब में विवाद के बाद महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि क्लब के बाउंसर्स महिला को नीचे पार्किंग एरिया में ले गए और उसके साथ मारपीट की। बाउंसर्स पर महिला के कपड़े आंशिक रूप से उतारने का भी आरोप है। घटना का कथित वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल वीडियो में महिला एक इमारत की पार्किंग में फर्श पर पड़ी दिखाई दे रही है और कुछ लोग उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो के बाद में एक दूसरी महिला वहां पहुंचती है और उसे बचाने की कोशिश करती दिखाई देती है। पीटीआई ने वीडियो की पुष्टि नहीं की है। इमारत में तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड के मुताबिक, महिला कुछ दोस्तों के साथ नाइट क्लब गई थी। गार्ड ने बताया कि उसे जानकारी मिली थी कि क्लब के अंदर महिला ने एक महिला बाउंसर को बीयर की बोतल से मारा था। इसके बाद वहां मौजूद दूसरे बाउंसर गुस्सा हो गए और महिला को क्लब से नीचे लेकर आए। गार्ड के मुताबिक, नीचे लाने के बाद बाउंसर्स ने महिला के साथ मारपीट की। उसने यह भी आरोप लगाया कि बाउंसर्स ने महिला के कपड़े आंशिक रूप से उतार दिए। हालांकि, ये आरोप सिक्योरिटी गार्ड के बयान पर आधारित हैं और पुलिस की ओर से घटना की पुष्टि नहीं हुई है। घटना को लेकर पुलिस से संपर्क कर उसका पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। फिलहाल वायरल वीडियो और सिक्योरिटी गार्ड के दावे के अलावा घटना से जुड़ी अन्य जानकारी सामने नहीं आई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *