![]()
मुरादाबाद में रेलवे अकाउंटेंट के बेटे के शादी समारोह से करीब 30 लाख रुपए की ज्चेलरी से भरा बैग चोरी करने वाले को पुलिस ने पकड़ लिया है। पकड़े गए चोर की उम्र करीब 15 साल है। वह मध्य प्रदेश के राजगढ़ का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 24 लाख रुपये के सोने और हीरे के जेवर और 3.8 लाख रुपए कैश बरामद किया है। वारदात में शामिल नाबालिग चोर का दूसरा साथी भी मध्य प्रदेश का ही रहने वाला है, पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी है।
घटना 2ृ1 सितंबर को दिल्ली रोड स्थित मुरादाबाद के ड्राइव इन 24 होटल में हुई थी। शहर में रामगंगा विहार निवासी रेलवे के अकाउंटेंट अश्वनी सेठी के बेटे ऋषित सेठी की सगाई का कार्यक्रम था। रात करीब 10 बजे ज्वेलरी का बैग कुर्सी पर रखकर अश्वनी सेठ की पत्नी बेटे और बहू को आशीर्वाद देने लगी थीं। इसी दौरान उनका ज्वेलरी वाला बैग चोरी हो गया था।
SP सिटी रणविजय सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस करके शुक्रवार को इस घटना का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि घटना को एक 15 साल के किशोर ने मध्यप्रदेश में राजगढ़ में ही रहने वाले अपने साथी बॉबी पुत्र दिनेश के साथ मिलकर अंजाम दिया था। बॉबी पहले से ही होटल के बाहर बाइक लेकर खड़ा था। अंदर से नाबालिग आरोपी जैसे ही बैग लेकर गेट पर आया तो दोनों बाइक पर बैठकर निकल गए।
एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को ट्रेस किया और उसे पकड़ने में कामयाब रही। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 14 तोले का सोने का हार, 2 झुमके, हीरे की अंगूठी समेत करीब 24 लाख रुपए की ज्वेलरी रिकवर की है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 3.8 लाख रुपए कैश भी बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए बैग में रिकवर किए गए गहनों के अलावा एक जोड़ी कंगन भी थे। जिसे उन्होंने एक राह चलते व्यक्ति को 4 लाख रुपए में बेच दिया था। 20 हजार खर्च कर दिए जबकि बाकी रकम अभी बची थी, जिसे पुलिस ने रिकवर कर लिया है।
Source link