![]()
रामपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती को लेकर रामपुर की गांधी समाधि को सजाने-संवारने का काम पूरा हो गया है। डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बताया दिल्ली के बाद यहां बापू की अस्थियां दफन हैं रामपुर के लिए गौरव की बात है। कई दिन से समाधि परिसर में साफ-सफाई और साज-सज्जा का काम चल रहा था। शुक्रवार को यहां गांधी जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यूपी सरकार के कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख कार्यक्रम में पहुंचेंगे। वह राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगे और राष्ट्रगान होगा। इसके बाद बापू की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
रामपुर की गांधी समाधि को देश में विशेष महत्व प्राप्त है। दिल्ली के राजघाट के बाद रामपुर को उन स्थानों में गिना जाता है, जहां महात्मा गांधी की अस्थियां सुरक्षित हैं। रामपुर के अंतिम नवाब ने गांधी परिवार से अस्थियां मांगकर उन्हें यहां लाया था। इसके बाद पूरे सम्मान के साथ अष्टधातु के कलश में अस्थियों को समाधि स्थल पर सुरक्षित रखा गया। गांधी जयंती के साथ ही स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर भी गांधी समाधि पर राष्ट्रीय पर्व के कार्यक्रम आयोजित होते हैं। इन अवसरों पर उस समय की सरकार के मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि यहां पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हैं और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
समाधि परिसर के आसपास देश के वीर शहीदों और जवानों की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं। कुछ स्वतंत्रता सेनानियों की तस्वीरें भी यहां लगाई गई हैं। राष्ट्रीय पर्व के कार्यक्रमों के दौरान इन प्रतिमाओं और चित्रों पर भी माल्यार्पण किया जाता है। रामपुर से गुजरने वाले और महात्मा गांधी को मानने वाले लोग भी समय-समय पर गांधी समाधि पहुंचते हैं। धीरे-धीरे यह स्थल लोगों के लिए आकर्षण और पर्यटक स्थल के रूप में भी पहचान बना रहा है। स्थानीय लोगों के लिए यह गौरव की बात है कि रामपुर का महात्मा गांधी से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है और उनकी अस्थियां यहां सुरक्षित हैं। समाधि परिसर में आने वाले लोगों को गांधीजी के जीवन, विचार और देश की आजादी में उनके योगदान की याद ताजा होती है।
Source link
गांधी जयंती पर रामपुर की गांधी समाधि तैयार:कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख करेंगे ध्वजारोहण, यहां दफन हैं बापू की अस्थियां