मैनपुरी में गणेश पंडाल में फायरिंग का आरोप:नशे में धुत युवक ने महिलाओं से अभद्रता कर तमंचे से फायर किया, SP से कार्रवाई की मांग


मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र के रेवारेमऊ गांव में गणेश महोत्सव के दौरान पंडाल में फायरिंग का आरोप लगा है। गांव के अधिवक्ता रोहित कुमार कश्यप ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। 24 सितंबर 2025 की रात गणेश विसर्जन और भंडारे की तैयारियां चल रही थीं। पंडाल में महिलाएं संगीत कार्यक्रम कर रही थीं। गांव का करन (प्रेमबाबू का बेटा) नशे में पंडाल पहुंचा और महिलाओं से अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर उसने साउंड सिस्टम फेंक दिया। ग्रामीणों ने उसे भेजा, पर कुछ देर बाद करन अपने परिवार के नैना, प्रेमबाबू और संजीव देवी के साथ दोबारा पंडाल आकर गाली-गलौज करने लगा। शिकायतकर्ता के मुताबिक, करन ने कमर से तमंचा निकालकर पंडाल में फायर कर दिया। फायरिंग से मौके पर दहशत फैल गई और लोग भागने लगे। रोहित कुमार कश्यप ने 112 पर सूचना दी और थाने में शिकायत दर्ज कराई, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने दीवानी बार एसोसिएशन के सचिव ब्रजेन्द्र यादव के नेतृत्व में एसपी से रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *