पॉक्सो एक्ट पर जागरूकता कार्यक्रम:बच्चों से कहा- अनुचित व्यवहार होने पर माता-पिता और शिक्षकों को जरूर बताएं


मुजफ्फरनगर जनपद के लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम किया गया। पॉक्सो एक्ट को लेकर हुए कार्यक्रम में अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन अंशिका चौधरी ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट के विभिन्न प्रावधानों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। मुख्य अतिथि अंशिका चौधरी ने विद्यार्थियों को बताया कि पॉक्सो एक्ट बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण कानून है। उन्होंने बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षित एवं असुरक्षित व्यवहार की पहचान तथा अनुचित घटना होने पर विश्वसनीय व्यक्ति या संबंधित प्राधिकरण को जानकारी देने के बारे में समझाया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से जागरूक रहने और किसी भी असहज या अनुचित परिस्थिति में चुप न रहने का आह्वान किया। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अंशिका चौधरी, डिफेंस काउंसिल वरुण कुमार, धनीराम एवं प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा ने मां शारदे के सम्मुख दीप प्रज्जवलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया। वरिष्ठ शिक्षक महेश कुमार ने आगंतुक अतिथियों का परिचय कराया। विद्यालय प्रशासन ने आगंतुक अतिथियों को अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर समस्त शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *