![]()
प्रयागराज में शहर की सड़कों के डिवाइडर पर बनी ग्रीन बेल्ट को हरा-भरा बनाए रखने के लिए अब बैंक आगे आएंगे। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से इन हरित पट्टियों को गोद लेने की अपील की है। बैंक अपने CSR फंड से पौधों की देखभाल, पानी देने और रखरखाव का खर्च उठा सकेंगे। दरअसल, कुंभ से पहले शहर की प्रमुख सड़कों का विकास कर डिवाइडरों पर पौधे लगाकर ग्रीन बेल्ट तैयार की गई थी। अब इनके रखरखाव की पांच साल की निर्धारित अवधि पूरी होने वाली है। ऐसे में PDA ने बैंकों से सहयोग मांगा है। प्राधिकरण का मानना है कि इससे शहर की हरियाली सुरक्षित रखने के साथ रखरखाव का जिम्मा भी बांटा जा सकेगा। महात्मा गांधी मार्ग से एयरपोर्ट रोड तक बनी है ग्रीन बेल्ट कुंभ से पहले शहर की कई प्रमुख सड़कों का विकास कराया गया था। इसके तहत महात्मा गांधी मार्ग, सरदार पटेल मार्ग और एयरपोर्ट रोड समेत कई रास्तों के बीच डिवाइडर बनाए गए। इन पर पौधे लगाकर हरित पट्टी विकसित की गई। इन ग्रीन बेल्ट से शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिल रही है। पौधों को हरा-भरा रखने के लिए नियमित देखभाल जरूरी है। पांच साल की अवधि पूरी होने पर बढ़ी चिंता ग्रीन बेल्ट के रखरखाव की जिम्मेदारी PDA की ओर से पांच साल के लिए तय की गई थी। अब यह अवधि पूरी होने की ओर है। इसके बाद पौधों की देखभाल कैसे होगी, इसे लेकर प्राधिकरण ने विकल्प तलाशना शुरू कर दिया है। पौधों को नियमित पानी देने, उनकी कटाई-छंटाई करने और सूख चुके पौधों की जगह नए पौधे लगाने की जरूरत होती है। ऐसे में लंबे समय तक देखभाल की व्यवस्था करना जरूरी है। बैंकों के अधिकारियों के साथ हुई बैठक PDA ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के अधिकारियों से संपर्क कर उन्हें CSR फंड के जरिए ग्रीन बेल्ट की जिम्मेदारी लेने का प्रस्ताव दिया है। इस योजना के तहत बैंक किसी सड़क या उसके हिस्से की हरित पट्टी को गोद लेकर उसके रखरखाव में सहयोग कर सकते हैं। PDA सचिव विनीत कुमार सिंह के मुताबिक, इस संबंध में बैंकों के अधिकारियों के साथ बैठक की गई थी। इसमें कई बैंकों ने ग्रीन बेल्ट को गोद लेकर उसकी देखभाल करने पर सहमति जताई है। आने वाले दिनों में इस पहल के तहत शहर के प्रमुख मार्गों की हरित पट्टियों के रखरखाव की जिम्मेदारी बैंकों को सौंपी जा सकती है।
Source link
प्रयागराज में ग्रीन बेल्ट की देखभाल करेंगे बैंक:PDA ने CSR फंड से पौधों के रखरखाव की जिम्मेदारी लेने की अपील की