![]()
उन्नाव के बांगरमऊ क्षेत्र में पशु चराने खेतों की ओर गया बुजुर्ग किसान छठे दिन बुधवार सुबह गांव के बाहर धान के खेत में उसका शव पड़ा मिला। शव को कुत्तों द्वारा नोचे जाने की बात सामने आई। घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। कोतवाल के समझाने और हरसंभव मदद का आश्वासन देने के बाद करीब 9:30 बजे शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। परिजन किसान की हत्या की आशंका जता रहे हैं। बांगरमऊ क्षेत्र के ग्राम गुलरिहा निवासी शिवमंगल (55) पुत्र सोबरन 25 सितंबर को पालतू पशु चराने खेतों की ओर गया था। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद 26 सितंबर को पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने किसान की तलाश में अपेक्षित सहयोग नहीं किया। बुधवार की सुबह गांव मितानपुरवा के कुछ लोग दैनिक क्रिया के लिए खेतों की ओर गए थे। धान के खेत में कुत्तों की आवाजाही देखकर उन्होंने पास जाकर देखा तो शिवमंगल का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हल्का पुलिस के पहुंचने पर परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर दिया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी अखिलेश चंद पांडेय भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शिवमंगल का छाता सिर के पास खुला पड़ा था और पैरों का मांस कुत्तों द्वारा नोचे जाने की बात सामने आई। आसपास की फसल में ज्यादा टूट-फूट नहीं थी। इन परिस्थितियों को लेकर परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पशु चराने गए किसान का 6वें दिन शव मिला:उन्नाव में मांस नोच रहे थे कुत्ते, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई