फतेहपुर से 50 किसान अयोध्या कृषि विश्वविद्यालय रवाना:मक्का विकास कार्यक्रम के तहत सीखेंगे आधुनिक खेती के तरीके


फतेहपुर में त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम योजनांतर्गत राज्य स्तरीय कृषक भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।उर्मिला सामाजिक जन कल्याण सेवा समिति के माध्यम से जिले के 50 किसानों का भ्रमण दल आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय,कुमारगंज अयोध्या के लिए बुधवार को 3 बजे रवाना हुआ। भ्रमण के दौरान किसानों को वैज्ञानिकों द्वारा आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक रामजतन मिश्र ने कहा कि कृषि संस्थानों के भ्रमण से किसानों को खेती की नई तकनीकों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि किसान यहां सीखी गई तकनीकों को अपने खेतों में अपनाने के साथ ही आसपास के अन्य किसानों को भी आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान किसानों को फसल विविधीकरण, उन्नत कृषि तकनीक, प्राकृतिक एवं टिकाऊ कृषि तथा मिट्टी के स्वास्थ्य प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा सब्जी एवं बागवानी की आधुनिक तकनीकों के बारे में भी किसानों को प्रशिक्षित किया जाएगा। किसानों को मक्का और मिलेट्स की उन्नत खेती की जानकारी भी दी जाएगी। किसानों के ज्ञान में होगी वृद्धि उप कृषि निदेशक ने बताया कि ‘आत्मा’ योजना के तहत आयोजित यह भ्रमण कार्यक्रम किसानों के ज्ञान और क्षमता में वृद्धि करने में सहायक होगा। प्रशिक्षण के दौरान कृषि तकनीक के साथ खाद्य प्रसंस्करण तथा फसल कटाई के बाद प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी भी किसानों को उपलब्ध कराई जाएगी। संस्था के सचिव अनुज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि किसानों को कृषि विश्वविद्यालय में विशेषज्ञों के माध्यम से खेती से जुड़ी आधुनिक जानकारियां हासिल करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद किसान अपने अनुभवों को दूसरे किसानों के साथ साझा कर सकेंगे। भ्रमण दल में राकेश, कल्लू पाल, सुरेंद्र, सोनम, बिट्टू, रेखा, कविता, रीता देवी समेत 50 किसान शामिल रहे। कार्यक्रम एवं भ्रमण दल के संचालन की जिम्मेदारी संस्था सचिव अनुज कुमार श्रीवास्तव ने संभाली।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *