हिमांशु तिवारी | कानपुर2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कानपुर-सागर हाईवे पर 70 किलोमीटर के सफर में 3 हजार गड्ढों की दैनिक भास्कर की ग्राउंड रिपोर्ट के बाद NHAI एक्शन में आ गया है। रिपोर्ट का संज्ञान लेकर NHAI ने हाईवे की मरम्मत और सड़क बनाने का काम शुरू कर दिया है। जिन स्थानों पर सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई थी, वहां पर सड़क को दुरुस्त किया जा रहा है।
NHAI के परियोजना निदेशक ने एक सप्ताह में हाईवे को गड्ढामुक्त कराने का दावा किया था। सड़क की मरम्मत का काम शुरू होने के बाद से राहगीरों और ग्रामीणों ने दैनिक भास्कर टीम को धन्यवाद कहा है।
घाटमपुर नगर निवासी सत्यम सिंह चौहान, पतारा कस्बा निवासी शिवांग त्रिवेदी ने बताया कि उन्हें रोजाना आने जाने के लिए कानपुर- सागर हाइवे से गुजरना पड़ता है, यहां पर हाइवे पर गड्ढे होने से उन्हें काफी दिक्कत हो रही थी।



पढ़ें क्या है,पूरा मामला….
70 किमी में मिले थे लगभग 3 हजार गड्ढे
दैनिक भास्कर टीम ने बीते दिन हमीरपुर स्थित यमुना पुल से नौबस्ता तक करीब 70 किलोमीटर हाईवे की पड़ताल की थी। दुर्गा देवी मोड़, रामपुर, अनूपुर मोड़, हमीरामऊ,अज्योरी, सजेती से गुजेला,घाटमपुर मुख्य चौराहा से मां कूष्मांडा देवी मंदिर, पतारा के तिलसड़ा मोड़, स्टेशन रोड मोड़, धरमपुर बंबा और रिंद नदी के पास सड़क की हालत खराब मिली थी।
शंभूहा ओवरब्रिज पर एक सैकड़ा से अधिक गड्ढे मिले थे। कठेरुआ में 500 मीटर तक सड़क क्षतिग्रस्त थी। बिधनू नहर पुल से कस्बे और मछारिया से नौबस्ता के बीच भी जगह-जगह गड्ढे थे, जिससे डेढ़ घंटे की जगह 70 किलोमीटर की दूरी तय करने में वाहन चालकों को ढाई घंटे लग रहे थे।
विधायक ने भी जताई थी नाराजगी
बीते दिनों घाटमपुर विधायक सरोज कुरील ने हाईवे की बदहाली को लेकर NHAI के अधिकारियों से फोन पर नाराजगी जताते हुए जल्द गड्ढे भरवाने को कहा था, अब निर्माण कार्य शुरू होने के बाद राहगीरों ने राहत की सांस ली है।
निदेशक बोले- सड़क मरम्मत कार्य शुरू
NHAI के परियोजना निदेशक पंकज ने बताया- कानपुर- हाईवे पर मरम्मत शुरू करा दी गई है। क्षतिग्रस्त हिस्सों में सड़क निर्माण और गड्ढों को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है। जल्द हाइवे को गड्ढा मुक्त कर दिया जाएगा।


