![]()
रामपुर के अजीतपुर में रविवार शाम करीब 6 बजे 21 वर्षीय विवाहिता सुनीता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका के पिता की तहरीर पर सोमवार दोपहर करीब 2 बजे सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने सोमवार रात करीब 9 बजे मामले में मृतका के पति जितेंद्र, जेठ सचिन और सास सुंदरिया को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है। शादी के 10 महीने बाद हुई मौत सुनीता की शादी 24 नवंबर 2025 को अजीतपुर निवासी जितेंद्र के साथ हुई थी। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर सुनीता को परेशान करते थे। रविवार शाम करीब 6 बजे सुनीता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने आरोप लगाया कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और बाद में शव को घर में पंखे से लटका दिया गया। भाई को फोन कर दी गई थी सूचना भाई अरविंद ने बताया कि रविवार शाम करीब 7 बजे उसके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने सुनीता की डेड बॉडी उतारकर ले जाने की सूचना दी। यह सुनकर वह हैरान रह गया और उसने परिवार के अन्य लोगों को जानकारी दी। परिजन अजीतपुर पहुंचे तो सुनीता का शव पंखे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया था। सोमवार सुबह पुलिस ने पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। साक्ष्यों के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई थाना सिविल लाइंस के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मृतका के पति जितेंद्र, जेठ सचिन और सास सुंदरिया को गिरफ्तार किया गया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। विवेचना के दौरान जैसे-जैसे साक्ष्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
रामपुर में विवाहिता की मौत, पति-जेठ और सास गिरफ्तार:7 लोगों पर FIR, मायके वालों ने दहेज के लिए उत्पीड़न और हत्या का लगाया आरोप