29 सितंबर को केसरगंज मस्जिद पर हनुमान चालीसा का ऐलान:हिंदू शक्ति दल ने देशभर से कार्यकर्ताओं को बुलावा भेजा, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल


मेरठ की केसरगंज मस्जिद का विवाद एक बार फिर गर्माता दिख रहा है। मस्जिद में निर्माण को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी और संगठन के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष ललित ने 29 सितंबर की शाम मस्जिद पर पहुंचकर हनुमान चालीसा पाठ करने का ऐलान किया है। दोनों नेताओं ने अपने समर्थकों और संगठन के कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में केसरगंज पहुंचने का आह्वान किया है। इस घोषणा के बाद इलाके में टकराव की आशंका बढ़ गई है। हिंदू रक्षा दल के नेताओं का आरोप है कि मस्जिद में कथित अवैध निर्माण को लेकर विवाद सामने आने के बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। पिंकी चौधरी ने मस्जिद पर बुल्डोजर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि 29 सितंबर को कार्यकर्ता केसरगंज पहुंचेंगे। संगठन की ओर से इसे लेकर पूरे देश के कार्यकर्ताओं से भी पहुंचने का आह्वान किए जाने की बात सामने आई है। पहले भी हो चुका है हंगामा
केसरगंज मस्जिद में निर्माण को लेकर सितंबर की शुरुआत से ही विवाद चल रहा है। निर्माण की शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और निर्माण कार्य रुकवाया गया था। इसके बाद भी अलग-अलग मौकों पर हिंदू संगठनों, व्यापारियों और मस्जिद पक्ष के लोगों के बीच कहासुनी और हंगामा हुआ। 13 सितंबर को भी पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी थी। 14 सितंबर को विवाद के दौरान मस्जिद के मौलवी मोहम्मद कमर और उनके बेटे साद के खिलाफ पुलिस ने शांतिभंग की कार्रवाई की थी। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर अलग-अलग आरोप लगाए गए थे। बाद में दोनों को जमानत मिल गई। डीएम के सामने भी पहुंच चुका है मामला
मस्जिद और आसपास के निर्माण को लेकर व्यापारी संगठन पहले ही जिलाधिकारी के सामने शिकायत रख चुका है। व्यापारियों ने निर्माण की अनुमति और अन्य पहलुओं की जांच की मांग की थी। वहीं मुस्लिम पक्ष ने मस्जिद को ऐतिहासिक बताते हुए निर्माण संबंधी आरोपों पर आपत्ति जताई थी। यानी विवाद में दोनों पक्ष अपनी-अपनी मांग और दावे प्रशासन के सामने रख चुके हैं। अब 29 सितंबर पर टिकी नजर
ऐसे माहौल में 29 सितंबर को मस्जिद पर हनुमान चालीसा पाठ के ऐलान ने पुलिस-प्रशासन की चुनौती बढ़ा दी है। खास बात यह है कि संगठन की ओर से स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ देशभर से लोगों को बुलाने का आह्वान किया गया है। यदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता केसरगंज पहुंचते हैं तो पहले से विवादित चल रहे स्थल पर भीड़ जुटने से कानून-व्यवस्था की स्थिति संवेदनशील हो सकती है। प्रशासन ने जताई मामले में अनभिज्ञता
हालांकि हिंदू रक्षा दल की ओर से किए गए दावों और कार्यक्रम के ऐलान की अंतिम स्थिति प्रशासनिक स्तर पर स्पष्ट होना बाकी है। पुलिस-प्रशासन ने फिलहाल मामले में अनभिज्ञता जताई है। ऐसे में 29 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर निगाह रहेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *