![]()
देवरिया जिले में शनिवार शाम हुई भारी बारिश से जिला मुख्यालय के कई मोहल्लों में सड़कें तालाब बन गईं। राघवनगर, मोहन रोड, ठठेरी गली, अलीनगर समेत करीब एक दर्जन मोहल्लों में जलभराव के चलते कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। लगातार बारिश के बीच जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी शनिवार देर रात अधिकारियों के साथ शहर में निकले और करीब एक घंटे तक जलभराव वाले इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। रात करीब नौ बजे डीएम कचहरी से निकले। उनके साथ एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर अनिमेष वर्मा भी मौजूद रहे। टीम ने सुभाष चौक, हनुमान मंदिर रोड, सूरज मल्टीप्लेक्स के सामने सीसी रोड और कतरारी चौराहे तक विभिन्न स्थानों पर जलभराव की स्थिति देखी। इस दौरान डीएम सड़क पर जमा पानी के बीच पैदल चले और स्थानीय लोगों से समस्या की जानकारी ली। तीन तस्वीरें तत्काल पानी निकालने के निर्देश
डीएम ने अधिकारियों से जल निकासी की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल पानी निकालने के लिए आवश्यक संसाधन लगाने के निर्देश दिए। नालियों और जल निकासी के रास्तों को अवरुद्ध होने से बचाने तथा जरूरत के अनुसार पंप आदि संसाधनों का इस्तेमाल करने को कहा।
निरीक्षण की सूचना पर नगर पालिका के ईओ संजय तिवारी भी मौके पर पहुंचे। डीएम ने बारिश के दौरान लगातार क्षेत्र में निगरानी रखने और लोगों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ट्रॉमा सेंटर भी पहुंचे डीएम
शहर के निरीक्षण के बाद डीएम महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल परिसर में जलभराव, पानी की निकासी और मरीजों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मरीजों और तीमारदारों को परेशानी न होने देने के निर्देश दिए। डीएम ने अधिकारियों को अलर्ट रहने और क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखने को कहा। जलभराव, आवागमन या विद्युत आपूर्ति बाधित होने की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
राघवनगर से अलीनगर तक सड़कों पर पानी
शनिवार शाम हुई तेज बारिश के बाद देवरिया शहर के कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति बन गई। राघवनगर, मोहन रोड, ठठेरी गली और अलीनगर समेत करीब एक दर्जन मोहल्लों में सड़कें पानी से भर गईं। कई स्थानों पर पानी घरों और दुकानों तक पहुंच गया। लोगों को सड़क पर जमा पानी से होकर गुजरना पड़ा। जल निकासी की व्यवस्था प्रभावित होने से देर रात तक कई इलाकों में पानी जमा रहा। स्थानीय लोगों ने अधिकारियों को जलभराव की समस्या बताई। इसके बाद डीएम मधुसूदन हुल्गी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी और तत्काल जल निकासी कराने के निर्देश दिए।
Source link
देवरिया में भारी बारिश से घरों-दुकानों में घुसा पानी:रात को पानी में उतरे डीएम, पदैल चलकर हालात देखे, लोगों से बात की