![]()
मिर्जापुर में रेलवे स्टेशनों और यात्री ट्रेनों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों के खिलाफ मिर्जापुर जीआरपी ने गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, गैंग चार्ट को 25 सितंबर को मिर्जापुर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे प्रयागराज की बैठक में मंजूरी मिली थी। रोहतक के रहने वाले हैं चारों आरोपी पुलिस के मुताबिक, गिरोह का सरगना हरियाणा के रोहतक निवासी सुरेंद्र राजपूत है। उसके साथ जनी उर्फ जानी, मुकेश कुमार और सुरेंद्र पुत्र दीपचंद भी रोहतक के ही रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह भीड़भाड़ वाले स्थानों और चलती ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाता था। आरोपी एसी, स्लीपर और जनरल कोच में यात्रियों के सामान पर नजर रखते थे और मौका मिलते ही चोरी कर लेते थे। पांच जीआरपी थानों में दर्ज हैं मामले पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ मिर्जापुर, प्रयागराज, वाराणसी, फतेहपुर और मानिकपुर के जीआरपी थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों, सीसीटीवी फुटेज और बरामदगी के आधार पर आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के मुताबिक, संबंधित मामलों की विवेचना पूरी हो चुकी है और सभी मामलों में आरोप पत्र न्यायालय भेजे जा चुके हैं। अब चारों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
Source link
मिर्जापुर में ट्रेन-स्टेशन चोर गिरोह के 4 सदस्यों पर गैंगस्टर:अंतरराज्यीय गिरोह एसी, स्लीपर और जनरल कोच में यात्रियों को बनाते थे निशाना