![]()
फतेहपुर के गोपालपुर गांव में शनिवार तड़के लगातार बारिश के बीच एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय मकान के अंदर मौजूद दो सगे भाई मलबे में दब गए। हादसे में 8 वर्षीय आनंद सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 11 वर्षीय बड़ा भाई गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला। गंभीर हालत में गुड्डू को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। गोपालपुर निवासी रावेंद्र सिंह गुजरात में रहकर मजदूरी करते हैं। गांव में उनकी पत्नी नीतू सिंह दोनों बेटों आनंद और गुड्डू के साथ कच्चे मकान में रहती थीं। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की दीवारें कमजोर हो गई थीं। शनिवार तड़के करीब 4:30 बजे नीतू सिंह मवेशियों को चारा डालने के लिए मकान से बाहर गई थीं। इसी दौरान अचानक मकान भरभराकर गिर गया और दोनों बच्चे मलबे में दब गए। आवाज सुनकर दौड़े ग्रामीण, मलबे से निकाला मकान गिरने की आवाज सुनकर नीतू सिंह चीख-पुकार करने लगीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को मलबे से बाहर निकाला। तब तक आनंद की मौत हो चुकी थी। वहीं गुड्डू को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया। ग्रामीण बोले-आवास योजना का लाभ नहीं मिला हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि परिवार गरीब होने के बावजूद उसे आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका। इसी वजह से परिवार को जर्जर कच्चे मकान में रहना पड़ रहा था। लगातार बारिश के कारण मकान की हालत और खराब हो गई थी। राजस्व टीम ने शुरू किया नुकसान का आकलन मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम अश्वनी पांडेय ने घटना की जानकारी ली। राजस्व टीम मौके पर पहुंचकर मकान गिरने से हुए नुकसान का जायजा ले रही है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
Source link
फतेहपुर में बारिश में कच्चा मकान भरभराकर गिरा:8 साल के बच्चे की मौत, 11 साल का भाई गंभीर; मां मवेशियों को चारा डालने बाहर गई थी