मुरादाबाद में पुलिस मुठभेड़ में गोकशी के दो आरोपी गिरफ्तार:पुलिस को देख चलाई गोली, जवाबी कार्यवाही में एक को गोली लगी


मुरादाबाद में भोजपुर थाना पुलिस ने 24 सितंबर की देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद गोकशी करने वाले गिरोह के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया है। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से अवैध हथियार, एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल और गोकशी करने के उपकरण बरामद हुए हैं। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 24 सितंबर की देर रात भोजपुर थाना पुलिस गांव पीपलसाना के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आ रहे दो संदिग्ध युवकों को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार बदमाशों ने भागने का प्रयास किया और घेराबंदी होते देख पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई और दोनों को मौके से दबोच लिया गया। पुलिस गिरफ्त में आए पहले आरोपी की पहचान इकरार (35 साल) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से संभल के गुन्नौर का रहने वाला है और वर्तमान में ख्वाजा नगर में रह रहा था। मुठभेड़ में इकरार ही घायल हुआ है, जिसके खिलाफ पहले से ही 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दूसरे आरोपी की पहचान अनवर उर्फ नन्हे (32 साल) निवासी गांव अटरिया भोजपुर, मुरादाबाद के रूप में हुई है, जिस पर पूर्व में 02 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध असलाह और अन्य सामान बरामद किया है। तलाशी के दौरान बदमाशों के पास से 315 बोर के दो तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस मिले हैं। इसके साथ ही अपराध में इस्तेमाल की जा रही एक बिना नंबर की काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और गोकशी करने के उपकरण भी जब्त किए गए हैं। पुलिस घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *