![]()
सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार सुबह 9 बजे से घंटाघर स्थित लेबर अड्डे पर श्रम विभाग ने श्रमिक पंजीयन और स्वास्थ्य शिविर लगाया। यह शिविर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश और मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता के मार्गदर्शन में हुआ। इसमें कई श्रमिकों ने पहुंचकर योजनाओं की जानकारी ली और अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की डॉक्टरों की टीम ने 47 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद डॉक्टरों ने श्रमिकों को जरूरी सलाह दी और मुफ्त दवाएं भी दीं। वहीं, श्रम विभाग ने 67 श्रमिकों का पंजीयन और नवीनीकरण किया। इसके अलावा, 61 श्रमिकों के मोबाइल फोन में डिजिटल लेबर चौक ऐप डाउनलोड कराया गया। इससे उन्हें श्रम विभाग की सेवाओं और योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। शिविर में मौजूद सहायक श्रमायुक्त राज बहादुर यादव ने श्रमिकों को विभाग की ओर से चलाई जा रही अलग-अलग योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए श्रमिकों का पंजीकरण जरूरी है। उन्होंने श्रमिकों से समय पर पंजीकरण और नवीनीकरण कराने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि 24 सितंबर को लेबर अड्डा चांदपुरा और 28 सितंबर को लेबर अड्डा छावनी बाजार में भी पंजीयन और स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इस दौरान श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहे।
Source link
लेबर अड्डे पर लगा श्रमिक पंजीयन और स्वास्थ्य शिविर:47 श्रमिकों का हेल्थ चेकअप, 67 का रजिस्ट्रेशन और रिन्यूवल हुआ