![]()
गाजीपुर में शहर के छावनी लाइन स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय से सोमवार शाम लापता हुईं कक्षा 8 की दोनों छात्राओं को पुलिस ने मंगलवार को वाराणसी रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया। वाराणसी जीआरपी की मदद से छात्राओं को गाजीपुर लाया गया। यहां कोतवाली में मजिस्ट्रेट के सामने उनके बयान दर्ज किए गए। इसके बाद मेडिकल जांच कराकर दोनों को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया। कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने इसकी जानकारी दी। दोनों छात्राएं सोमवार शाम करीब 4:50 बजे स्कूल का गेट खोलकर बाहर निकली थीं। करीब 40 मिनट बाद शाम 5:30 बजे हिंदी विषय के संवाद कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका ने उन्हें कक्षा में नहीं पाया। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने परिसर और आसपास उनकी तलाश शुरू की। परिजनों को सूचना देने के बाद भी देर रात तक दोनों का पता नहीं चला।
इस मामले में स्कूल की शिक्षिका अर्चना कुमारी ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे पुलिस ने दोनों छात्राओं के लापता होने की एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, दोनों छात्राओं की उम्र करीब 14 साल है। वे कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली हैं। पुलिस ने तलाश के दौरान मंगलवार को दोनों को वाराणसी रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया। छात्राओं के स्कूल से निकलकर वाराणसी रेलवे स्टेशन तक पहुंचने की घटना के बाद आवासीय बालिका स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ गए हैं। सवाल यह है कि सोमवार शाम जब दोनों छात्राएं स्कूल का गेट खोलकर बाहर निकलीं, उस समय गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड कहाँ था और छात्राओं को बाहर क्यों नहीं रोका गया।
Source link
कस्तूरबा विद्यालय से लापता दोनों छात्राएं वाराणसी स्टेशन से मिलीं:गाजीपुर से सोमवार शाम निकली थीं, पुलिस ने 24 घंटे में बरामद किया