नई दिल्ली2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

देश भर के बैंक कर्मचारी 28, 29 और 30 सितंबर को 3 दिन की देशव्यापी हड़ताल पर जा रहे हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस यानी UFBU ने कहा कि वह हड़ताल टालने के मूड में नहीं है।
22 सितंबर को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग (DFS) के साथ हुई सुलह वार्ता बेनतीजा रही, जिसके बाद यूनियंस ने यह फैसला लिया है।
बैंक यूनियंस लंबे समय से हफ्ते में 5 दिन काम यानी 5-डे बैंकिंग की मांग कर रही हैं। UFBU का कहना है कि मार्च 2024 में द्विपक्षीय वेतन संशोधन समझौते के तहत 5-डे बैंकिंग पर सहमति बनी थी और इस पर हस्ताक्षर भी हुए थे, लेकिन सरकार ने इसे अब तक लागू नहीं किया है।
इससे पहले यूनियंस ने 11 सितंबर को 1 दिन की हड़ताल की थी और मांग न माने जाने पर 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी है।
सरकार की अपील खारिज, X पर लिखा- ‘यह शांत बैठने का समय नहीं’
नई दिल्ली में डिप्टी चीफ लेबर कमिश्नर (Dy CLC) की मध्यस्थता में हुई बैठक में IBA और DFS के प्रतिनिधियों ने यूनियंस से हड़ताल वापस लेने की अपील की थी। अधिकारियों का तर्क था कि 5-डे बैंकिंग का मामला सरकार के विचाराधीन है और विभिन्न पक्षों से चर्चा की जा रही है। वित्त मंत्रालय ने भी कर्मचारियों से हड़ताल न करने की अपील की।
हालांकि, UFBU ने कहा कि जब तक 5-डे बैंकिंग को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता, हड़ताल वापस नहीं होगी। संगठन ने X पर पोस्ट कर अपने सदस्यों से कहा- “कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला। यह शांत बैठने का समय नहीं है, बल्कि एकजुट रहने का वक्त है। 3 दिन, एक मांग और एक एकजुट ताकत! इसे ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएं। अब नहीं तो कभी नहीं!”
ग्राहकों पर असर: लगातार 5 दिन प्रभावित हो सकती हैं सेवाएं
हड़ताल 28, 29 और 30 सितंबर (सोमवार से बुधवार) को प्रस्तावित है। इससे ठीक पहले 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार की छुट्टी है। ऐसे में अगर हड़ताल होती है, तो ग्राहकों को लगातार 5 दिनों तक बैंक शाखाओं से जुडे कामकाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) समेत कई प्रमुख बैंकों ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे अपने जरूरी काम समय रहते निपटा लें। बैंकों ने ग्राहकों को एटीएम (ATM), ऑटोमेटेड डिपॉजिट एंड विड्रॉल मशीन, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, योनो (YONO) और यूपीआई (UPI) जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल करने को कहा है। हालांकि, चेक क्लीयरेंस, कैश डिपॉजिट और फिजिकल डॉक्यूमेंटेशन से जुड़े कामों में देरी होना तय है।
क्या है 5-डे बैंकिंग की मांग?
वर्तमान नियम: फिलहाल बैंकों में हर महीने के पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को काम होता है, जबकि दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी रहती है।
कर्मचारियों की मांग: बैंक कर्मचारी संगठन सभी शनिवारों को छुट्टी घोषित करने और हफ्ते में केवल 5 दिन (सोमवार से शुक्रवार) काम की व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं। इसके बदले वे रोजाना के कामकाजी समय में 30 से 45 मिनट अतिरिक्त देने को तैयार हैं।
