छुट्टियों में भी पढ़ सकेंगे पूर्वांचल विश्वविद्यालय के छात्र:जौनपुर में डिजिटल लाइब्रेरी का बढ़ेगा दायरा, घर बैठे मिलेंगे ई-बुक और जर्नल


वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में अब लाइब्रेरी की सुविधा छुट्टियों और तय समय से आगे बढ़ाई जा रही है। इसके लिए विश्वविद्यालय डिजिटल संसाधनों का दायरा बढ़ा रहा है। विश्वविद्यालय में मौजूद डिजिटल संसाधनों की समीक्षा की जा रही है। साथ ही, उन्हें छात्रों तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अब साप्ताहिक छुट्टी, त्योहारों या लंबी छुट्टियों में लाइब्रेरी बंद होने पर भी छात्र घर बैठे डिजिटल सामग्री पढ़ सकेंगे। इससे छात्रों को परीक्षा की तैयारी के लिए स्टडी मटेरियल या शोधार्थियों को शोधपत्र और जर्नल के लिए लाइब्रेरी खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इन डिजिटल संसाधनों में कोर्स से जुड़ी ई-बुक, शोध पत्रिकाएं, शोधपत्र, स्टडी मटेरियल और शैक्षणिक डेटाबेस शामिल होंगे। डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने के साथ छात्रों को इनके इस्तेमाल की जानकारी भी दी जाएगी। उन्हें बताया जाएगा कि इन डिजिटल संसाधनों को कैसे इस्तेमाल करना है और पढ़ाई व शोध में इनका उपयोग कैसे करना है। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि अब लाइब्रेरी सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं रह सकती। जरूरत के हिसाब से सही डिजिटल सामग्री उपलब्ध कराना जरूरी है। इससे छात्र छुट्टियों में भी अपनी पढ़ाई और शोध का काम जारी रख सकेंगे। पहले विश्वविद्यालय लाइब्रेरी का समय बढ़ाकर शाम आठ बजे तक किया गया था। अब डिजिटल संसाधनों का दायरा बढ़ने से लाइब्रेरी की सुविधा को समय और जगह की सीमा से आगे ले जाने पर काम किया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *