![]()
बागपत के बालेनी थाना क्षेत्र में सोमवार और मंगलवार की देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। इसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर जंगल से दो अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए तीनों बदमाश मेरठ के रहने वाले हैं। ये नलकूप उपकरण चोर गिरोह के अंतरराज्यीय सदस्य हैं, जो अलग-अलग क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। ये बालेनी में भी चोरी करने की फिराक में थे।
पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सुरेंद्र, आशुतोष और सलमान उर्फ गंजा के रूप में हुई है। इनके कब्जे से एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, नलकूप उपकरण, एक मोटरसाइकिल और एक रहड़ा (जिसमें कुछ सामान भरा था) बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सुरेंद्र पर आसपास के जिलों में करीब 50 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आशुतोष पर भी अलग-अलग थानों में छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस सलमान के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। थाना प्रभारी एमपी सिंह ने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान हुई मुठभेड़ के बाद तीनों बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से चोरी का सामान और अवैध हथियार मिले हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Source link
बागपत में पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़ में 3 सदस्य गिरफ्तार:एक को पैर में गोली लगी, सभी मेरठ के रहने वाले थे