काकोरी में बुजुर्ग की हत्या में पोते का साथी गिरफ्तार:लाठी-डंडों से हमला कर मार डाला था, पोते ने ही रची थी साजिश


काकोरी थाना क्षेत्र के उदैतखेड़ा मौंढ़ा गांव में 70 वर्षीय विशेश्वर यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। विशेश्वर पर घर के बाहर सोते समय जानलेवा हमला किया गया था। पुलिस ने इस मामले में सामने आए आरोपी आशुतोष यादव उर्फ आशू यादव को रविवार रात अनोरा गांव से पकड़ा। सोमवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, यह घटना 14 सितंबर की रात करीब 10 बजे हुई थी। विशेश्वर यादव अपने घर के बाहर सो रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन पर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विशेश्वर को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। उनके बेटे तेजपाल यादव की शिकायत पर 15 सितंबर को काकोरी थाने में वैभव उर्फ विक्की, पिंकू, महेंद्र और 3-4 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। सगा पोता पहले ही गिरफ्तार हुआ जांच के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी वैभव उर्फ विक्की को 17 सितंबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस के मुताबिक, वैभव घायल विशेश्वर का सगा पोता है। इलाज के दौरान 19 सितंबर को विशेश्वर की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने केस में हत्या समेत अन्य धाराएं जोड़ दीं, जिनमें धारा 103(1), 118(1) और 3(5) बीएनएस शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में आशुतोष यादव उर्फ आशू यादव की भूमिका भी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने सोमवार रात करीब 10:46 बजे उसे अनोरा गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, इस घटना के पीछे संपत्ति का विवाद है। वैभव उर्फ विक्की ने ही इस घटना को अंजाम देने के लिए अन्य आरोपियों को अपने साथ लिया था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में नामजद पिंकू और महेंद्र की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र राठौर के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक शैलेंद्र कुमार गुप्ता, शिवम विधूड़ी, हेड कांस्टेबल अजय यादव और अरविंद सोनकर शामिल थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *