पक्कीबाग में चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता:बच्चों ने उकेरी 2047 के विकसित भारत की तस्वीर


पक्कीबाग स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में ‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत आयोजित चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं (भैया-बहनों) ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की और अपनी कल्पनाशील प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने वर्ष 2047 के भारत को लेकर अपने सपनों, आकांक्षाओं और राष्ट्र निर्माण की कल्पनाओं को कैनवस और मंच पर अभिव्यक्त किया। बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों में एक विकसित, आत्मनिर्भर, स्वच्छ, समृद्ध और सशक्त भारत की स्पष्ट झलक दिखाई दी। वहीं, भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने देश की प्रगति, शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति जैसे अहम विषयों पर अपने प्रखर विचार प्रस्तुत किए। संस्कृति और तकनीक के समन्वय से बनेगी नई पहचान कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश सिंह ने कहा कि 2047 का भारत हर क्षेत्र में उन्नत, आत्मनिर्भर और शक्तिशाली राष्ट्र होगा। उन्होंने कहा कि कल का भारत अपनी संस्कृति और तकनीकी प्रगति के समन्वय से विश्व पटल पर एक नई पहचान बनाएगा। वहीं, विद्यालय के हिंदी प्रवक्ता एवं विभागाध्यक्ष शिवम् दुबे ने बच्चों की कला की सराहना करते हुए कहा, “चित्रकला रंगों से भाव कहती है और भाषण शब्दों से—दोनों कलाएं सीधे हृदय तक पहुँचती हैं।” उन्होंने कहा कि 2047 का भारत ऐसा आधुनिक राष्ट्र होगा, जहाँ हर नागरिक को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के समान अवसर मिलेंगे। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य रामकेवल शर्मा और कला आचार्या श्रीमती शिल्पी सिंह चौहान सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *