सोनभद्र में फरार बुजुर्ग समेत 3 आरोपी गिरफ्तार:आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल, करौली गांव में हुई थी मारपीट


सोनभद्र की रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में दर्ज मुकदमे में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक बुजुर्ग व्यक्ति और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि करौली गांव में चार सितंबर को मारपीट की घटना हुई थी। इसके बाद से पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में फरार आरोपी बढ़ौली से धर्मशाला की ओर जाने वाले ओवरब्रिज के नीचे छिपे हैं। इस सूचना पर सब इंस्पेक्टर बृजेश सिंह के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और बनवारी, निशा और शीला को गिरफ्तार कर लिया। यह था पूरा मामला रॉबर्ट्सगंज कोतवाली के करौली गांव निवासी सुरेश ने पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि चार सितंबर को गांव के कोटेदार राजेंद्र उनके भाई राजेश को घर से कुछ दूरी पर ले गए थे। वहां पहले से अनिरुद्ध, उनके भाई रामवृक्ष, बेटा भोला, भतीजा बिट्टू, पत्नी सुशीला, भाई की पत्नी निशा और बनवारी मौजूद थे। इन सभी ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से राजेश पर हमला कर दिया। शोर सुनकर सुरेश और उनके भाई संजय मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने उनकी भी पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और वहां से भाग गए। घायल सुरेश को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। उनके सिर में 32 और हाथ में चार टांके लगे। बाद में उन्हें बीएचयू रेफर कर दिया गया। उनके भाई संजय और राजेश को भी अस्पताल में भर्ती किया गया था। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घटना के बाद से पुलिस टीम आरोपियों को ढूंढ रही थी। इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। रविवार को बनवारी, निशा और शीला की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने तीन और फरार आरोपियों को पकड़ लिया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *