शाहजहांपुर में सांड की टक्कर से बाइक सवार की मौत:पीलीभीत से घर लौटते वक्त हुए हादसे का शिकार, पत्नी बेसुध


शाहजहांपुर में रविवार की रात करीब 11 बजे सड़क पर अचानक आए एक सांड से बाइक की टक्कर हो गई। इस घटना में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पीलीभीत के गुरगवां गांव निवासी 40 साल के वेदपाल के रूप में हुई है। वेदपाल अपने रिश्तेदार के घर से वापस लौट रहे थे। यह घटना रविवार रात करीब 11 बजे की है। वेदपाल शाहजहांपुर में अपने रिश्तेदार के घर से बाइक से वापस पीलीभीत लौट रहे थे। निगोही थाना क्षेत्र के बीसलपुर-बिलसंडा मार्ग पर भटियूरा प्रथ्वीपुर गांव के पास अचानक एक सांड सड़क पर आ गया।
रात का अंधेरा होने के कारण वेदपाल सांड को देख नहीं पाए। उनकी बाइक सांड से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वेदपाल बाइक से गिरकर काफी दूर तक घिसटते चले गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।वहां से गुजर रहे लोगों ने वेदपाल को लहूलुहान हालत में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से वेदपाल को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव की पहचान करने के बाद पीलीभीत में उनके परिवार को सूचना दी। परिवार के सदस्य रात में ही अस्पताल पहुंच गए। वेदपाल अपने पीछे पत्नी रेश्मा देवी, 12 साल का बेटा अर्जुन, दस साल का करन और बेटी पायल को छोड़ गए हैं। निगोही के प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने बताया कि सांड की टक्कर से बाइक सवार की मौत हुई है। परिवार को सूचना दे दी गई है और शव का पंचनामा भरा जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *