पुरानी नाली छोड़ नई जगह निर्माण पर विवाद:महिलाओं ने एसडीएम आवास घेरा, पुरानी जगह नाली बनाने के निर्देश मिले


अयोध्या के रुदौली में नाली निर्माण को लेकर रविवार को विवाद बढ़ गया। कृष्णानगर वार्ड के चितईपुर में पुरानी नाली छोड़कर दूसरी जगह नई नाली की खुदाई शुरू की गई थी। इसके विरोध में रविवार दोपहर बाद महिलाओं और पुरुषों ने प्रदर्शन किया। बाद में महिलाएं एसडीएम रुदौली विनोद कुमार गुप्ता के आवास पहुंचीं और नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। एसडीएम ने जांच कराकर आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि शनिवार को नगर पालिका की जेसीबी चितईपुर पहुंची और नई नाली के लिए खुदाई शुरू कर दी। महिलाओं ने इसका विरोध किया। उनका कहना था कि जिस जगह नई नाली बनाई जा रही है, वहां पहले नाली नहीं थी। क्षेत्र में करीब 40 साल पुरानी नाली बनी हुई है, जिसे छोड़कर दूसरी जगह निर्माण कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों का दावा है कि पुरानी नाली को लेकर विवाद पहले से चल रहा है और मामला कोर्ट में भी चल रहा है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि नाली निर्माण को लेकर तहसील और कोतवाली में शिकायत की गई थी, लेकिन कोई हल नहीं निकला। इसके बाद रविवार को महिलाएं एसडीएम आवास पहुंचीं और निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। लोगों ने नाली निर्माण की मंजूरी, लागत, कार्ययोजना और निर्माण स्थल से जुड़े कागजात सार्वजनिक करने की भी मांग की। एसडीएम रुदौली विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि महिलाओं ने तहसील समाधान दिवस में भी इस मामले की शिकायत की थी। नगर पालिका को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। रविवार को महिलाओं के आवास पर पहुंचने के बाद उनसे बात की गई। उन्होंने बताया कि महिलाओं को भरोसा दिलाया गया है कि नाली का निर्माण उसी जगह कराया जाएगा, जहां पुरानी नाली बनी है। इसके लिए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *