सरस्वती बालिका विद्यालय में वार्षिकोत्सव समारोह:नए सभागार का लोकार्पण, 31 मेधावी छात्राएं सम्मानित


सूर्यकुंड स्थित सरस्वती बालिका विद्यालय में शनिवार को सरस्वती सभागार के भव्य लोकार्पण, मेधा अलंकरण एवं वार्षिकोत्सव समारोह का बड़े ही हर्षोल्लास के साथ आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया और मेधावी छात्राओं को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्या रश्मि श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराया। इसके पश्चात, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विद्या भारती के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री यतीन्द्र शर्मा ने नवनिर्मित ‘सरस्वती सभागार’ का विधिवत लोकार्पण किया। इसके साथ ही, उनके कर कमलों से विद्यालय में ‘कौशल विकास केंद्र (सरस्वती उद्योग)’ का भी उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि यतीन्द्र शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि विद्या भारती का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि संस्कारयुक्त और राष्ट्रभक्त नागरिकों का निर्माण करना है। विशिष्ट अतिथि विद्या भारती (पूर्वी यूपी) के क्षेत्रीय संगठन मंत्री हेमचंद्र ने कहा कि बालिका शिक्षा राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। समारोह के दौरान उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाली कक्षा 10वीं की 22 और 12वीं की नौ (कुल 31) प्रतिभाशाली छात्राओं को अतिथियों द्वारा ‘मेधा अलंकरण’ से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां वार्षिकोत्सव के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने लोकनृत्य और नाटक सहित विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस भव्य कार्यक्रम में अध्यक्ष डॉ. शैल पांडेय, मंत्री डॉ. नीना अस्थाना, कोषाध्यक्ष चंद्रमणि ओझा, निदेशक राजेश श्रीवास्तव सहित विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारी, विद्या भारती के पदाधिकारी, अभिभावक एवं आचार्य परिवार उपस्थित रहा। अंत में डॉ. नीना अस्थाना ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया और राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *