सपा सांसद की गाड़ी पर पथराव के विरोध में प्रदर्शन:कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम-एसपी को सौंपा ज्ञापन, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग


संतकबीरनगर के बखिरा थाना क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी पर पथराव और तोड़फोड़ के आरोपों को लेकर जिले की सियासत गरमा गई है। घटना के विरोध में शनिवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। शाम करीब 4 बजे प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप मीना को ज्ञापन सौंपा। इसमें आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सांसद की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई।
सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद ने आरोप लगाया कि बखिरा नगर पंचायत के अमरडोभा चौराहे पर कुछ लोग उनकी गाड़ी का इंतजार कर रहे थे। गाड़ी के वहां पहुंचते ही उस पर ईंट-पत्थर चलाए गए। सांसद ने इसे जानलेवा हमला बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सांसद ने अपनी गाड़ी से किसी व्यक्ति को ठोकर लगने के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि यदि गाड़ी से किसी व्यक्ति को ठोकर लगने का कोई वीडियो या अन्य सबूत है तो उसे सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए उपलब्ध वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान सपा के मेहदावल के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जयराम पांडेय ने घटना पर नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि की सुरक्षा से जुड़े मामले में पुलिस को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए। डीएम और एसपी ने निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रदर्शन में पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव, अलगू प्रसाद चौहान, सुनील सिंह, सपा जिलाध्यक्ष लोरिक यादव, रामदरश यादव, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि शैलेंद्र यादव, जिला उपाध्यक्ष केडी यादव, आलोक यादव, प्रिया पाठक, विधानसभा अध्यक्ष रमेश यादव, विनोद यादव, सत्येंद्र पांडेय, अनवारूल हक और फूलचंद यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *