![]()
फिरोजाबाद के टापा खुर्द चौराहे पर स्थित देसी शराब की दुकान पर तय समय के विपरीत शराब बेचने का आरोप लगा है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने इसकी शिकायत की है। आरोप है कि दुकान सुबह जल्दी खुल जाती है और देर रात तक चलती है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों, खासकर महिलाओं को परेशानी होती है। गुरुवार सुबह 7 बजे एक वीडियो बनाया गया। इसमें दुकान में बने एक छेद से शराब बेची जा रही थी और लोग सड़क पर खड़े होकर शराब पी रहे थे। उद्योग व्यापार मंडल व्यापारी सेना के जिलाध्यक्ष मेघ सिंह पहलवान ने बताया कि टापा खुर्द इलाके में शराब की दुकान के संचालन से स्थानीय लोग नाराज हैं। उनका आरोप है कि दुकान पर नियमों के खिलाफ लंबे समय तक शराब बेची जा रही है। शराबियों के कारण माहौल खराब हो रहा है और महिलाओं के साथ अभद्रता की शिकायतें भी सामने आई हैं। मेघ सिंह पहलवान के मुताबिक, हाल ही में शराबियों ने एक महिला के साथ मारपीट की थी, जिससे लोगों में गुस्सा है। महिलाओं ने शराब की दुकान के संचालन का विरोध किया है। उनका कहना है कि दुकान के आसपास शराबियों के जमावड़े से बहन-बेटियों को आने-जाने में दिक्कत होती है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने इस मामले में जिलाधिकारी से शिकायत की है। उन्होंने आबकारी विभाग से जांच और कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि मौके पर जांच की जाए कि दुकान पर तय समय का पालन हो रहा है या नहीं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि अगर दो दिन के भीतर इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन किया जाएगा। पदाधिकारियों ने ऐसे ठेकों पर कार्रवाई करते हुए नियम तोड़ने वाली दुकानों पर ताला लगाने की मांग की है।
Source link
फिरोजाबाद में तय समय से पहले शराब बिक्री का आरोप:महिलाओं के विरोध के बाद डीएम से शिकायत, दो दिन में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी