प्राथमिक विद्यालय मुड़ेना के इंचार्ज शिक्षक निलंबित:संभल के 128 स्कूलों में मिड-डे मील जांच हुई, 7 का वेतन रोका


संभल डीएम अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर जिले के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील योजना की लगातार जांच की जा रही है। इसमें भोजन की गुणवत्ता, तय मीनू के अनुसार भोजन, फल और दूध के वितरण के साथ बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं की जांच की जा रही है। बुधवार शाम 7 बजे अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। 11 सितंबर को गुन्नौर ब्लॉक के सभी 128 सरकारी स्कूलों में अचानक निरीक्षण किया गया। गुन्नौर तहसील और बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्कूलों में पहुंचकर मिड-डे मील की व्यवस्था देखी। अधिकारियों ने तय मीनू के अनुसार भोजन, फल और दूध का वितरण, खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की मात्रा, बर्तनों की साफ-सफाई और अनाज के भंडारण की जांच की। इसके अलावा रसोइयों की निर्धारित ड्रेस में मौजूदगी, स्कूल में पोषण वाटिका की स्थिति और रसोइयों के मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा कार्ड की भी जानकारी ली गई।
प्राथमिक विद्यालय मुड़ेना के इंचार्ज शिक्षक निलंबित जांच रिपोर्ट में ग्राम पंचायत मुड़ेना के प्राथमिक विद्यालय की स्थिति खराब मिली। इसके बाद स्कूल के इंचार्ज अध्यापक खजनपाल सिंह को निलंबित कर दिया गया। वहीं, 7 अन्य स्कूलों में भी व्यवस्थाएं ठीक नहीं मिलीं। इनमें उच्च प्राथमिक विद्यालय मुड़ेना, गंगावास, अब्दुलहई, जड़वार और कंपोजिट विद्यालय घुघैया, पाठकपुर व बाजपुर शामिल हैं। इन स्कूलों के प्रधानाध्यापक या इंचार्ज अध्यापकों का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया गया है। संबंधित शिक्षकों को तीन दिन के अंदर साक्ष्यों के साथ अपना स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम अंकित खंडेलवाल ने कहा कि सरकारी स्कूलों में बच्चों को निर्धारित मीनू और मानकों के अनुसार पौष्टिक भोजन, फल और शुद्ध दूध मिलना चाहिए। मिड-डे मील योजना में लापरवाही या किसी तरह की गड़बड़ी मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम के निर्देश पर जिले के अन्य ब्लॉकों में भी मिड-डे मील योजना की जांच जारी रहेगी। सभी प्रधानाध्यापकों को तय मीनू और मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *