स्पोर्ट्स डेस्क 35 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट के कारण एशियन गेम्स 2026 से बाहर हो गए हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के पहले टी-20 में गेंदबाजी करने के बाद उनके पैर के बाएं हिस्से में परेशानी हुई थी। स्कैन में साइड स्ट्रेन की पुष्टि के बाद वे सीरीज के बाकी दो मैचों के साथ एशियन गेम्स में भी नहीं खेल पाएंगे। उनकी जगह युवा लेग-स्पिन ऑलराउंडर विप्रज निगम को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
वरुण ने रविवार को दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ दो महीने बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की थी। उन्होंने अपना पूरा 4 ओवर का स्पेल किया और 16 रन देकर एक विकेट लिया। हालांकि मैच के बाद उन्हें साइड में असहजता महसूस हुई। इसके बाद उन्हें आगे की जांच के लिए BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भेजा गया।

विप्रज निगम दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं।
चोट ने वापसी के तुरंत बाद फिर रोका
वरुण की यह चोट इसलिए भी अहम है क्योंकि वे खुद हाल ही में एक लंबी इंजरी से वापसी कर रहे थे। इंग्लैंड दौरे पर जुलाई में तीसरे टी-20 के दौरान उन्हें बाएं हैमस्ट्रिंग में परेशानी हुई थी। जांच में ग्रेड-2 हैमस्ट्रिंग इंजरी सामने आई थी। इसके बाद वे इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर रहे और BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बेंगलुरु में रिहैबिलिटेशन किया।
रिहैब के बाद उन्होंने तमिलनाडु प्रीमियर लीग में वापसी की। दिंडीगुल ड्रैगन्स के लिए अगस्त में खेले एक मैच में उन्होंने 4 ओवर में 34 रन दिए थे।

कुलदीप विकल्प थे, लेकिन निगम को चुना गया
वरुण की जगह चुनने के लिए विप्रज निगम और कुलदीप यादव विकल्पों में थे। BCCI सूत्र के मुताबिक दोनों उपलब्ध विकल्प थे, लेकिन कुलदीप को इसी महीने के अंत में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज खेलनी है। इसलिए चयनकर्ताओं ने निगम को एशियन गेम्स के लिए चुना।
इस तरह निगम को पहली बार भारतीय सीनियर टीम के स्तर पर मौका मिला है। 22 साल के निगम IPL में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं। वे लीग में अब तक 19 मैच खेल चुके हैं और 13 विकेट ले चुके हैं। वे केवल गेंदबाजी विकल्प नहीं हैं, बल्कि तेज रन बनाने की क्षमता भी रखते हैं। IPL में उनका स्ट्राइक रेट करीब 176 रहा है।
पहले ही अफगानिस्तान सीरीज में भी बदलाव
वरुण के चोटिल होने के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी-20 में रवि बिश्नोई को प्लेइंग-11 में मौका मिला। टीम के पास स्पिन विभाग में बिश्नोई के अलावा वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल भी विकल्प हैं। अक्षर ने पहले टी-20 में 1/27 का प्रदर्शन किया था।
इस सीरीज में भारत पहले ही शुरुआती दोनों मैच जीतकर सीरीज अपने नाम कर चुका है। अब तीसरा और आखिरी टी-20 17 सितंबर को दिल्ली में खेला जाना है।
एशियन गेम्स में भारत की शुरुआत क्वार्टर फाइनल से
एशियन गेम्स 2026 जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होना है। पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से शुरू होगी। भारत को सीधे क्वार्टर फाइनल स्टेज से अभियान शुरू करना है। क्वार्टर फाइनल के बाद सेमीफाइनल 1 अक्टूबर और फाइनल 3 अक्टूबर को होना है।
भारत के इंजरी लिस्ट में एक और नाम
वरुण से पहले तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी अफगानिस्तान सीरीज और एशियन गेम्स से बाहर हुए थे। वे रिहैबिलिटेशन के दौरान 7 सितंबर को मैच सिमुलेशन में गेंदबाजी करते समय फिर चोटिल हो गए थे। उनकी जगह यश ठाकुर को दोनों टीमों में शामिल किया गया।
इसी वजह से BCCI के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के इंजरी मैनेजमेंट पर भी चर्चा शुरू हुई है। हालांकि पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने सेंटर को सीधे जिम्मेदार मानने से इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि खिलाड़ियों के शरीर अलग-अलग तरह से चोट पर प्रतिक्रिया देते हैं और फिटनेस की प्रक्रिया में खिलाड़ी की प्रोग्रेस के हिसाब से वर्कलोड बढ़ाया जाता है।

हर्षित 7 सितंबर को मैच सिमुलेशन के दौरान बॉलिंग करते समय फिर चोटिल हो गए थे।
बुमराह, वॉशिंगटन और नीतीश भी हाल में चोट से लौटे
भारत के कई प्रमुख खिलाड़ी हाल के महीनों में चोट से जूझ चुके हैं। जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर और नीतीश कुमार रेड्डी फिटनेस से जुड़ी चिंताओं के बाद टीम में लौटे हैं। वॉशिंगटन और नीतीश को फिटनेस असेसमेंट के बाद खेलने की मंजूरी मिली थी, जबकि बुमराह को दोनों टीमों में शामिल किया गया।
भारत का एशियन गेम्स स्क्वॉड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर और विपराज निगम।
