![]()
गोरखपुर की इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की जिला इकाई ने मरीजों को ब्लड और उसके कंपोनेंट्स को आसानी से उपलब्ध कराने की दिशा में नया कदम उठाया है। तारामंडल में आईएमए भवन में चैरिटेबल ब्लड सेंटर तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को इसका उद्घाटन किया। इसके साथ ही आईएमए की ओर से संचालित इस ब्लड सेंटर की शुरुआत हो गई। 2500 वर्गफीट में तैयार हुआ सेंटर
आईएमए के सचिव डॉ. वाई. सिंह और संयुक्त सचिव डॉ. दिनेश चंद्रा ने बताया कि करीब 2500 वर्गफीट क्षेत्रफल में ब्लड सेंटर का निर्माण कराया गया है। इसे तैयार करने में लगभग 80 लाख रुपये की लागत आई है। सेंटर में करीब 400 यूनिट रक्त रखने की क्षमता है। यहां ब्लड सेपरेशन यूनिट भी स्थापित की गई है, जिससे रक्त को अलग-अलग अवयवों में तैयार किया जा सकेगा।
रक्त के साथ प्लेटलेट्स और प्लाज्मा भी मिलेंगे
डॉ. वाई. सिंह ने बताया कि सेंटर में होल ब्लड के साथ पैक्ड रेड ब्लड सेल्स (पीआरबीसी), प्लाज्मा, प्लेटलेट्स और क्रायो तैयार किए जाएंगे। इसके लिए ब्लड सेपेरेशन सेंटर संचालित होगा। किसी सरकारी या निजी अस्पताल में मरीज को रक्त की जरूरत होने पर उपलब्धता के अनुसार यहां से रक्त और उसके अवयव उपलब्ध कराए जाएंगे। नो प्रॉफिट, नो लॉस के आधार पर होगा संचालन
आईएमए अध्यक्ष डॉ. आरपी शुक्ला ने बताया कि ब्लड सेंटर का उद्देश्य मरीजों को कम खर्च में गुणवत्तापूर्ण रक्त और उसके अवयव उपलब्ध कराना है। सेंटर का संचालन नो प्रॉफिट, नो लॉस के आधार पर किया जाएगा। भविष्य में अस्पतालों तक सीधे रक्त पहुंचाने और एंबुलेटरी रक्तदान की सुविधा शुरू करने की भी योजना है।
रक्तदान करने वालों को मिलेगा लाभ
उद्घाटन के बाद पांच लोगों ने रक्तदान कर इस अभियान की शुरुआत को आगे बढ़ाया। ब्लड सेंटर से जुड़े अंकित सिंह ने बताया कि लोगों में रक्तदान को लेकर उत्साह है। यहां रक्तदान करने वाले व्यक्ति को एक साल के भीतर जरूरत पड़ने पर सेंटर से रक्त लेने की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बाजार की तुलना में कम दर पर रक्त और उसके कंपोनेंट उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी।
संचालन के लिए तीन स्तरीय समिति
ब्लड सेंटर के सुचारू संचालन के लिए तीन स्तर पर समिति बनाई गई है। एडवाइजरी बोर्ड में डॉ. अवधेश अग्रवाल, डॉ. विनय राय और डॉ. बृजेश जायसवाल शामिल हैं। स्थायी समिति के चेयरमैन डॉ. वाई. सिंह हैं। इसमें डॉ. दिनेश चंद्रा, डॉ. अमरेश सिंह, डॉ. एपी गुप्ता, डॉ. बीबी गुप्ता, डॉ. डीके सिंह, डॉ. महेंद्र अग्रवाल, डॉ. आरपी शुक्ला, डॉ. एससी कौशिक और डॉ. शैलेश मौर्य सदस्य हैं।
पैथोलॉजिस्ट भी समिति में शामिल
पैथोलॉजिस्ट सदस्यों में डॉ. अशोक गुप्ता, डॉ. संतोष चौरसिया और डॉ. हिमांशु श्रीवास्तव को शामिल किया गया है। समिति सेंटर के संचालन, रक्त की उपलब्धता और मरीजों को रक्त अवयव उपलब्ध कराने की व्यवस्था की निगरानी करेगी।
Source link
गोरखपुर में अब कम रेट पर मिल पाएगा ब्लड:प्लेटलेट्स-प्लाज्मा की भी सुविधा, तारामंडल में IMA का चैरिटेबल ब्लड सेंटर खुला