![]()
सुरियावां थाना क्षेत्र के रामबाग निवासी विमल की पत्नी प्रियंका (25) की मंगलवार को संजीवनी हॉस्पिटल सुरियावां में प्रसव के बाद मौत हो गई। प्रियंका करीब तीन दिनों से अस्पताल में भर्ती थीं। परिजनों के अनुसार, सामान्य प्रसव के बाद प्रियंका ने एक बेटे को जन्म दिया था। इसके बाद अचानक उनकी हालत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन गुस्से में आ गए। मंगलवार रात करीब 9:45 बजे परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने की कोशिश की। इस दौरान परिजनों और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। मृतका के पति विमल ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी अस्पताल में भर्ती होने के समय ठीक थी। सामान्य प्रसव से बेटे को जन्म देने के बाद उसकी हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। विमल का आरोप है कि इलाज में लापरवाही के कारण उनकी पत्नी की जान गई। उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराकर पूरे मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कार्रवाई की मांग करते हुए आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद कोई एक्शन नहीं लिया जा रहा है। परिजनों ने यह भी कहा कि जब अस्पताल में मरीजों को सिर्फ लूटा जा रहा है, तो स्वास्थ्य विभाग ऐसे अस्पताल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा है। फिलहाल पुलिस टीम अस्पताल में मौजूद है और मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। मौत के असली कारणों का पता जांच और डॉक्टरी रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। सुरियावां थाना अध्यक्ष असम त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।
Source link
प्रसव के बाद महिला की मौत पर अस्पताल में हंगामा:पति ने लापरवाही का आरोप लगाया, पुलिस मामले की जांच कर रही है