![]()
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के अहिरवां ई-बस डिपो के बाहर मंगलवार शाम एक छात्र ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। वह सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था। छात्र अपनी मौसी के घर रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। इस घटना से परिवार में मातम छा गया है। मां का फोन नहीं उठने पर दोस्त आशीष मौके पर पहुंचा। उसने देखा कि छात्र बेहोश पड़ा था। आशीष की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे कांशीराम अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रात 11 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान विवेक कुमार उर्फ सचिन (25) के रूप में हुई है। वह मूलरूप से कानपुर देहात के रानियां स्थित बिलई गांव का रहने वाला था। उसके पिता अवधेश कुमार एक फैक्ट्री में गार्ड हैं। परिवार में मां शिरोमणि और बहनें सोनम व लक्ष्मी हैं। परिवार के लोगों ने बताया कि सचिन दो महीने पहले अहिरवां निवासी मौसी सुरुचि और मौसा सिद्धनाथ के घर आया था। वह यहां रहकर सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था। मंगलवार शाम सचिन अहिरवां स्थित ई-बस चार्जिंग पॉइंट के बाहर पहुंचा और वहीं बैठकर जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी मां शिरोमणि ने उसे फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद मां ने उसके दोस्त आशीष को फोन किया। मृतक की मां ने बताया कि गांव की एक युवती से सचिन का काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी वजह से उसे मौसी के घर भेजा गया था। परिवार के लोगों के मुताबिक, आत्महत्या से पहले सचिन ने फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम से अपनी तस्वीरें भी हटा दी थीं। हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है और आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रेम प्रसंग समेत दूसरे पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
Source link
सेना भर्ती की तैयारी कर रहे छात्र ने सुसाइड किया:कानपुर में प्रेम प्रसंग में टूटा सपना, मौसी के घर रहकर कर रहा था तैयारी