आकाश मलिक | शामली3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

शामली में साइबर थाना पुलिस ने नाबालिग लड़कियों से जुड़े अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड और प्रसारित करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी मंगलवार दोपहर 12 बजे हुई।
पकड़े गए आरोपियों में देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र के छरबा निवासी मोहम्मद शाहरुख और शामली के बाबरी थाना क्षेत्र के बंतीखेड़ा निवासी रिजवान शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने 70 से ज्यादा सोशल मीडिया ग्रुपों में नाबालिगों से संबंधित अश्लील वीडियो शेयर किए थे।
पुलिस ने बताया कि गृह मंत्रालय के नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर बच्चों से जुड़े ऑनलाइन यौन शोषण और अश्लील सामग्री की शिकायत मिली थी। इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर से मिली रिपोर्ट के बाद साइबर थाना पुलिस ने इन मामलों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सर्विस प्रोवाइडरों से मिले डिजिटल सबूतों जैसे सीएएफ और आईपीडीआर का तकनीकी विश्लेषण किया। इसी आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान हुई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद शाहरुख पर व्हाट्सऐप मैसेंजर के जरिए नाबालिग से जुड़े अश्लील वीडियो अपलोड और प्रसारित करने का आरोप है। ओसीडब्ल्यूसी की रिपोर्ट और मोबाइल नंबर जैसे तकनीकी सबूतों की जांच के बाद पुलिस उस तक पहुंची।
दूसरे आरोपी रिजवान पर इंस्टाग्राम प्रोफाइल ‘समीर सिद्दीकी’ के मैसेंजर से अश्लील वीडियो फाइल अपलोड और प्रसारित करने का आरोप है। टिपलाइन रिपोर्ट और डिजिटल सबूतों के आधार पर पुलिस ने रिजवान की पहचान की।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में डिजिटल सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
